tree-planting-campaign-ndmc

नई दिल्ली, 05 जुलाई । नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने रविवार को कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ केवल वृक्षारोपण अभियान नहीं, यह भावनात्मक और सामाजिक उत्तरदायित्व का जनआंदोलन है।

कुलजीत सिंह चहल ने आज दिल्ली के बीके दत्त कॉलोनी स्थित बीडी पार्क में आयोजित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान यह बात कही। यह अभियान का लगातार 31वां रविवार था। साप्ताहिक अभियानों के अलावा विश्वविद्यालयों, विभिन्न दूतावासों तथा अन्य संस्थानों के सहयोग से भी बड़े स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

चहल ने कहा,”एक पौधा लगाकर हम आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव रखते हैं। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, उनका नियमित संरक्षण, सिंचाई और देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है। नागरिक अपने द्वारा लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी स्वयं लें और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखें।”

उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं जहां स्वच्छ पर्यावरण, टिकाऊ नागरिक अवसंरचना तथा जनभागीदारी राष्ट्र निर्माण के प्रमुख आधार बनेंगे।

उपाध्यक्ष ने बताया कि एनडीएमसी ने एक वर्ष का ग्रीन कैलेंडर तैयार किया है, जिसके अंतर्गत नई दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में प्रत्येक रविवार वृक्षारोपण अभियान आयोजित किए जाएंगे। इन पौधों की उचित देखभाल एवं स्वस्थ विकास सुनिश्चित करने के लिए उद्यान, स्वास्थ्य, सिविल इंजीनियरिंग, स्वच्छता, सड़क, जलापूर्ति, जल निकासी एवं विद्युत विभाग संयुक्त रूप से कार्य करेंगे।

प्रतिभागियों ने कहा कि यह पहल भावनात्मक मूल्यों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के साथ-साथ समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करती है।

इस दौरान, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों एवं स्थानीय निवासियों ने कॉलोनी से संबंधित विभिन्न नागरिक समस्याओं एवं स्थानीय मुद्दों को उपाध्यक्ष के समक्ष रखा। उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभागाध्यक्षों के साथ विस्तृत चर्चा कर सभी समस्याओं के शीघ्र एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए तथा नागरिकों को आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में आरडब्ल्यूए अध्यक्ष हरबंस डंकल, एच.एस. सिंह, गुरु सिंह सभा के प्रतिनिधि, एस.एस. चौहान, नरेंद्र विनायक, मदन भूटानी, सनातन धर्म सभा के प्रतिनिधि, अशोक चिटकारा, ब्रह्मकुमारी संस्था की प्रतिनिधि, दीपक वोहरा, आर्य समाज के विनोद गिल, वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने अपनी माताओं के नाम पर पौधारोपण किया।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights