नीरज प्रजापति

तावली-लच्छेड़ा मार्ग पर गौकशी की तैयारी कर रहे थे छह आरोपी, पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, तीन गोवंश समेत हथियार, उपकरण, दो बाइक और क्रेटा कार बरामद

मुजफ्फरनगर। जिले में गौकशी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच शाहपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल में गौकशी की तैयारी कर रहे आरोपियों से मुठभेड़ कर तीन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीसरे को घेराबंदी के दौरान दबोच लिया गया। पुलिस ने मौके से तीन जीवित गोवंश, तीन अवैध तमंचे, कारतूस, गौकशी के उपकरण, दो मोटरसाइकिल और एक क्रेटा कार बरामद की है। मुठभेड़ के दौरान तीन अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है। पुलिस के अनुसार, 10 और 11 नवंबर की मध्यरात्रि थाना शाहपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तावली गांव से लच्छेड़ा जाने वाले मार्ग पर स्थित जंगल में कुछ लोग गोवंश के साथ मौजूद हैं और गौकशी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जंगल में तीन गोवंश के पास संदिग्ध व्यक्तियों के साथ दो मोटरसाइकिल और एक क्रेटा कार भी खड़ी मिली। पुलिस टीम ने आरोपियों को चारों तरफ से घेरकर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन खुद को घिरा देखकर आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला करने की नीयत से गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग से पुलिस टीम में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो आरोपी गोली लगने से घायल होकर गिर पड़े। वहीं तीसरे आरोपी को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। शेष तीन आरोपी अंधेरे में जंगल की ओर भाग निकले। घायल आरोपियों की पहचान नदीम पुत्र सलीम निवासी गहराबाग तथा बिलाल पुत्र अलीशेर निवासी रहमतनगर, थाना खालापार के रूप में हुई है। गिरफ्तार तीसरे आरोपी की पहचान आसिफ पुत्र आबिद निवासी ग्राम तावली, थाना शाहपुर के रूप में हुई। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

हथियारों से लेकर वाहन तक मिले

पुलिस ने मौके से तीन अवैध तमंचे 315 बोर, तीन जिंदा और तीन खोखा कारतूस, बजाज पल्सर व स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा दिल्ली नंबर की हुंडई क्रेटा कार बरामद की है। इसके अलावा तीन जीवित गोवंश और गौकशी में इस्तेमाल होने वाले दाव, कसला, छूरा तथा पॉलीथिन भी मिली है।

तीन फरार आरोपियों की तलाश में दबिश

पुलिस के मुताबिक फरार आरोपियों में आरिफ पुत्र अकबर और शहनवाज पुत्र इरफान उर्फ फानू निवासी ग्राम तावली तथा फैसल पुत्र एहसान निवासी रहमतनगर शामिल हैं। तीनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले में थाना शाहपुर पर मुकदमा संख्या 314/26 के तहत बीएनएस, गोवध निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights