मुद्ग़ल टाइम्स ब्यूरों

गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी मेले की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कसी अधिकारियों की लगाम, सुरक्षा से लेकर यातायात और सुविधाओं तक हर व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश।

लखनऊ। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के लिए उमड़ने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर योगी सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गढ़मुक्तेश्वर गंगा स्नान मेला और तिगरी मेले को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री आवास पांच कालिदास मार्ग पर आयोजित बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमरोहा, बरेली, हापुड़ और मेरठ समेत संबंधित जनपदों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में मेले के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा प्रबंधों, यातायात संचालन, श्रद्धालुओं की मूलभूत सुविधाओं और प्रशासनिक तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। भीड़ प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए पहले से ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाएं।
गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन के सामने लाखों लोगों की भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षित स्नान व्यवस्था उपलब्ध कराने की बड़ी चुनौती रहती है।
मुख्यमंत्री की इस बैठक के बाद संबंधित जिलों के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। सरकार का लक्ष्य है कि आस्था के इस विशाल आयोजन में श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण, बेहतर सुविधाएं और व्यवस्थित यातायात मिले तथा गंगा स्नान का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights