नई दिल्ली, 05 जुलाई । दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व ने भारत के विकास की गति और व्यापकता को नई परिभाषा देते हुए जनकल्याण को सुशासन का केंद्र बिंदु बनाया है।
यह बात उन्होंने रविवार को रोहिणी के सेक्टर-10 स्थित सांवरिया सेठ टेंट में आयोजित ‘सांस्कृतिक संध्या’ को संबोधित करते हुए कही। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के बारह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू और दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही उपस्थित रहे।
विजेंद्र गुप्ता ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले बारह वर्षों का कालखंड निर्णायक एवं प्रभावी शासन, विकास, डिजिटल परिवर्तन, सामाजिक कल्याण योजनाओं के विस्तार तथा समावेशी विकास के प्रति नई प्रतिबद्धता का साक्षी रहा है। सरकार की पारदर्शिता, प्रभावी सेवा प्रदायगी तथा नागरिक-केंद्रित नीतियों के प्रति प्रतिबद्धता ने जनविश्वास को और अधिक सुदृढ़ किया है।
