india-post-indigo-digital-detox

नई दिल्ली, 10 नवंबर । भारतीय डाक विभाग और इंडिगो ने डिजिटल माध्यमों से कुछ समय दूर रहकर हाथ से लिखे संदेशों के जरिए अपनों से जुड़ने की पहल के तहत 15 उड़ानों में ‘डिजिटल डिटॉक्स 2.0’ अभियान चलाया। इसके तहत 11 शहरों के बीच संचालित उड़ानों में यात्रियों को पोस्टकार्ड और ग्रीटिंग कार्ड के माध्यम से अपने प्रियजनों को दिवाली की शुभकामनाएं भेजने का अवसर दिया गया।

केंद्रीय संचार मंत्रालय के डाक विभाग ने इंडिगो के सहयोग से इस अभियान का दूसरा संस्करण आयोजित किया। इसे दिवाली के अवसर पर शुरू किया गया। अभियान के तहत चंडीगढ़, रांची, बागडोगरा, दिल्ली, मुंबई, गोवा, पुणे, अहमदाबाद, कोलकाता, वाराणसी और जयपुर को जोड़ने वाली 15 उड़ानों में यात्रियों को विशेष डिजिटल डिटॉक्स किट दी गईं।

इन किट में पोस्टकार्ड, ग्रीटिंग कार्ड और दिवाली के विशेष स्टिकर के साथ खुद पोस्टकार्ड तैयार करने की सामग्री शामिल थी। इसका उद्देश्य यात्रियों को कुछ समय स्क्रीन से दूर रहकर अपने हाथों से व्यक्तिगत संदेश लिखने के लिए प्रोत्साहित करना था।

डाक विभाग के अनुसार, पहले संस्करण को मिली अच्छी प्रतिक्रिया के बाद इस पहल को दोबारा आयोजित किया गया। इसके जरिए डिजिटल दौर में हाथ से पत्र लिखने की परंपरा को फिर से बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।

अभियान में शामिल यात्रियों ने भी इस पहल की सराहना की। एक यात्री ने कहा कि 30 हजार फीट की ऊंचाई पर पोस्टकार्ड लिखना ऐसा अनुभव था, जिसे वह जीवनभर याद रखेंगे। एक अन्य यात्री ने पहली बार पोस्टकार्ड लिखने के अनुभव को विशेष बताया। यात्रियों ने कहा कि हाथ से लिखकर दिवाली की शुभकामनाएं भेजना डिजिटल संदेश की तुलना में अधिक व्यक्तिगत और भावपूर्ण लगा।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights