मनीष अग्रवाल
सहारानपुर। थानां सदर बाजार क्षेत्र अंतर्गत बीती मध्यरात्रि में यातायात पुलिस द्वारा विश्वकर्मा चौक पर चेकिंग के दौरान एक सफेद रंग की बलेनो कार संदिग्ध अवस्था में आती दिखाई दी, जिसकी नम्बर प्लेट को जानबूझकर मिट्टी से ढक रखा गया था। संदेह होने पर यातायात पुलिसकर्मियों द्वारा वाहन को रोकने का संकेत दिया गया, किन्तु चालक ने वाहन न रोकते हुए तेज एवं लापरवाहीपूर्ण गति से वाहन को मोड़कर मुख्य कांवड़ मार्ग की ओर भगा दिया, जिससे मार्ग पर मौजूद शिवभक्त कांवड़ श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा चालक को रोकने का प्रयास किया गया, किन्तु उसने वाहन नहीं रोका। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए यातायात प्रभारी उ0नि0 अमित तोमर एवं उनकी टीम द्वारा तत्काल वायरलेस के माध्यम से सूचना प्रसारित कर अस्पताल चौक पर ड्यूटीरत यातायात पुलिसकर्मियों को सतर्क किया गया। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए बैरिकेडिंग लगाकर वाहन संख्या HR 11 S 1550 को सुरक्षित रूप से रोक लिया गया। वाहन चालक की ब्रेथ एनालाइज़र से जांच किए जाने पर उसके द्वारा शराब का सेवन कर वाहन चलाना पाया गया। इसके अतिरिक्त चालक द्वारा तेज एवं अनियंत्रित गति से वाहन चलाना तथा वाहन की नम्बर प्लेट को छिपाकर चलाना भी पाया गया। उक्त कृत्यों के संबंध में यातायात प्रभारी उ0नि0 अमित तोमर द्वारा चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए शराब पीकर वाहन चलाने, तेज एवं लापरवाहीपूर्ण गति से वाहन चलाने तथा नम्बर प्लेट छिपाकर वाहन चलाने के आरोप में चालान किया गया। चालक पर ₹25,000 का जुर्माना अधिरोपित करते हुए वाहन को सीज कर दिया गया।
सहारनपुर यातायात पुलिस आमजन से अपील करती है कि यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं तथा वाहन पर वैध एवं स्पष्ट नम्बर प्लेट का प्रयोग करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
