शिवम वत्स

-रात के अंधेरे में मची अफरा-तफरी, लकी होटल के पास पलटी बस; पुलिस और स्थानीय लोगों ने दिखाई बहादुरी, शीशे तोड़कर निकाले घायल यात्री, घंटों प्रभावित रहा यातायात

मीरापुर। गुरुवार रात मीरापुर-बिजनौर बाईपास पर उस समय भयावह हादसा हो गया जब हरिद्वार से मेरठ जा रही रोडवेज बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ी और देखते ही देखते पलट गई। बस पलटते ही यात्रियों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बस के भीतर फंसे मासूम बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की दर्दभरी चीखें सुनकर राहगीरों और आसपास के लोगों का कलेजा कांप उठा।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना गुरुवार रात करीब 9 बजे मीरापुर के बिजनौर बाईपास स्थित लकी होटल के समीप हुई। हरिद्वार से बिजनौर होते हुए मेरठ जा रही रोडवेज बस जैसे ही बाईपास पर पहुंची, चालक का अचानक संतुलन बिगड़ गया। बस तेज रफ्तार में डिवाइडर पर चढ़ गई और जोरदार टक्कर के बाद पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि बस में बैठे यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और कई यात्री सीटों से उछलकर एक-दूसरे के ऊपर जा गिरे।
बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कोई अपने बच्चों को ढूंढ़ रहा था तो कोई घायल परिजनों को संभालने में जुटा था। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू कर दिया। कई लोगों ने बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही मीरापुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया।


हादसे के समय बस चालक विनोद वाहन चला रहा था। दुर्घटना में जिया (6 वर्ष), भाग्यश्री (3 वर्ष), शिवांग (2 वर्ष), चंद्रावती (70 वर्ष), शोभा (50 वर्ष) और सुमित (25 वर्ष) सहित कुल सात यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जानसठ भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। कुछ घायलों को गंभीर चोटें आने की भी सूचना है।दुर्घटना के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया और दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क किनारे हटवाया तथा यातायात को सुचारु कराया। करीब कुछ समय की मशक्कत के बाद मार्ग पर आवागमन सामान्य हो सका।
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चालक का संतुलन बिगड़ना दुर्घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights