मुद्ग़ल टाइम्स ब्यूरों

रात के अंधेरे में दो अलग-अलग जिलों में भड़की आग ने उजाड़ दिए दो परिवार, कई लोग झुलसे, घरों में मची चीख-पुकार से दहला मध्य प्रदेश।

मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश में दीपावली की खुशियां उस समय भीषण मातम में बदल गईं, जब दो अलग-अलग जिलों में आग ने दो परिवारों को पूरी तरह उजाड़ दिया। कटनी और सिवनी में हुए अग्निकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इन दोनों हादसों में कुल 12 लोगों की जिंदगी खत्म हो गई। मरने वालों में बुजुर्गों के साथ महिलाएं और मासूम बच्चे भी शामिल हैं। सबसे हृदयविदारक बात यह है कि मृतकों में महज दो महीने का एक मासूम भी शामिल है, जिसकी मौत मां की गोद में ही हो गई। पहला हादसा कटनी जिले के बरही कस्बे में सोमवार आधी रात के आसपास हुआ। यहां तीन मंजिला इमारत के निचले हिस्से में क्रॉकरी की दुकान संचालित थी, जबकि ऊपरी हिस्से में परिवार रहता था। इसी इमारत में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटों और जहरीले धुएं ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। उस वक्त परिवार के सदस्य गहरी नींद में थे। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बाहर निकलने का पर्याप्त मौका तक नहीं मिला। इस दर्दनाक हादसे में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी 74 वर्षीय पत्नी चंद्रकला, पुत्रवधू पूनम, 14 वर्षीय आर्या, छह वर्षीय अन्वी और महज दो महीने के मासूम की मौत हो गई। बचाव दल को फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए दीवार तक तोड़नी पड़ी। करीब पांच घंटे तक राहत एवं बचाव अभियान चला। स्थानीय लोगों ने दमकल व्यवस्था में खामियों के आरोप भी लगाए हैं, जिनकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। दूसरी हृदयविदारक घटना सिवनी जिले के छपारा कस्बे के महावीर वार्ड में सामने आई। यहां जैन मंदिर के पास रहने वाले सर्राफा कारोबारी कुंदनलाल सोनी के तीन मंजिला मकान में सोमवार तड़के करीब चार से साढ़े चार बजे के बीच भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय घर में दस लोग मौजूद थे। हादसे में 75 वर्षीय कुंदनलाल सोनी, उनकी 65 वर्षीय पत्नी राजकुमारी सोनी, 42 वर्षीय रितु सोनी, 40 वर्षीय स्मृति सोनी, 45 वर्षीय सूर्या सोनी और 16 वर्षीय आदित्य सोनी की मौत हो गई। परिवार के चार अन्य सदस्यों को बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया। दमकल विभाग और बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दोनों घटनाओं में आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस और प्रशासन की ओर से जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर आग लगने के कारणों को लेकर अलग-अलग आशंकाएं जताई जा रही हैं, लेकिन किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। दीपावली के अगले ही दिन सामने आई इन दो घटनाओं ने कई घरों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। जिन घरों में त्योहार की रौनक थी, वहां अब अपनों को खोने का गम पसरा है। इन हादसों ने एक बार फिर रिहायशी इमारतों, दुकानों और घरों में अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों की जरूरत को गंभीरता से सामने ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights