chitrakoot-accident-4-died-12-

चित्रकूट (उत्तर प्रदेश), 09 नवंबर । भगवान श्रीराम की तपोभूमि से दीपावली पर भगवान कामतानाथ के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के लिए सोमवार का दिन काल बनकर आया। रैपुरा थाना क्षेत्र के रामनगर के पास नहर के समीप श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। मृतकों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं।

यह श्रद्धालु दर्शन-पूजन करने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से प्रयागराज लौट रहे थे। रामनगर के पास नहर के समीप अचानक ट्रॉली का कीला (गुल्ला) निकल गया, जिससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। ट्रॉली में सवार श्रद्धालु उसके नीचे दब गए। मृतकों और घायलों में मध्य प्रदेश के रीवा तथा प्रयागराज जिले के निवासी शामिल हैं। पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में शिवांश (7), त्रिवेणी (40) और नन्हे (6), निवासी मझगवां, थाना चाकघाट, जिला रीवा, मध्य प्रदेश तथा राधेकृष्ण, निवासी ऊंचा गांव, थाना खीरी, प्रयागराज की मौत हो गई। हादसे में बच्चों समेत 12 लोग घायल हुए हैं। सूचना पाकर जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख, पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही मृतकों के परिजनों से संवाद कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights