फर्जी जमीन सौदे में सुधीर विंडलास की जमानत याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई

नैनीताल, 23 जून (हि.स.)। उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने फर्जी जमीन सौदे से जुड़े मामले में आरोपित बिल्डर एवं उद्योगपति सुधीर कुमार विंडलास की ओर से दायर तीसरी जमानत याचिका पर सुनवाई के बाद अगली सुनवाई के लिए जुलाई के पहले सप्ताह की तिथि नियत की है।

मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ में हुई। देहरादून के बिल्डर और उद्योगपति सुधीर कुमार विंडलास की ओर से हाईकोर्ट में तीसरी जमानत याचिका दायर कर कहा गया है कि उसका स्वास्थ्य ठीक नहीं रहता है क्योंकि उनकी उम्र 72 वर्ष की हो गई है। कोर्ट से प्रार्थना की गई उनकी उम्र और स्वास्थ्य को देखते हुए जमानत दी जाए। कोर्ट के आदेश पर फिलहाल उनका उपचार देहरादून स्थित हिमालयन हॉस्पिटल में चल रहा है। याचिकाकर्ता की ओर से कहा गया कि उसे फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से झूठे मामले में फंसाया गया है। उनके नाम पर फर्जी शेल डीड तैयार कर उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया गया है जबकि वह देहरादून के एक सम्मानीय व्यवसायी हैं और किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी में शामिल नहीं रहे।

बता दें कि एक फर्जी जमीन सौदे की शिकायत पर राज्य सरकार ने मामले की जांच सीबीआई को सौंपी थी। सीबीआई ने जांच में याचिकाकर्ता सहित अन्य तीन को आरोपित बनाया था। सीबीआई ने याचिकाकर्ता को 21 दिसंबर 2023 को गिरफ्तार किया था तब से वह न्यायिक हिरासत में हैं ।

…………………

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights