नई दिल्ली, 28 जुलाई । घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव के बीच दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी मामूली गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलने के तुरंत बाद खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक कुछ देर के लिए हरे निशान में भी पहुंचे, लेकिन थोड़ी देर बाद ही बिकवाली का दबाव बन गया। शेयरों की बिक्री की वजह से इन दोनों सूचकांकों की चाल में दोबारा कमजोरी आ गई। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.02 प्रतिशत और निफ्टी 0.01 प्रतिशत की मामूली मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से टीसीएस, इंफोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजी, टेक महिंद्रा और सिप्ला के शेयर 4.28 प्रतिशत से लेकर 2.23 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, हिंदुस्तान यूनिलीवर, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, कोल इंडिया, एनटीपीसी और पावर ग्रिड कॉरपोरेशन के शेयर 3.85 प्रतिशत से लेकर 1.68 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,745 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 963 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,782 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 12 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 18 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 24 शेयर हरे निशान में और 26 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 4.03 अंक की सांकेतिक कमजोरी के साथ 76,831.75 अंक के स्तर पर खुला। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक उछल कर हरे निशान में 76,988.48 अंक तक आ गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई। लगातार हो रही के कारण सुबह 10 बजे के थोड़ी देर बाद यह सूचकांक गिर कर 76,705.22 अंक के स्तर तक आ गया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 15.56 अंक की मामूली बढ़त के साथ 76,851.34 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 24.70 अंक फिसल कर 23,971.25 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने के कारण यह सूचकांक थोड़ी देर में ही लगभग 45 अंक उछल कर हरे निशान में 24,040.90 अंक तक आ गया। इसके बाद बाजार में शेयरों की बिक्री होने लगी, जिससे इस सूचकांक की चाल में दोबारा कमजोरी आ गई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 2.30 अंक की सांकेतिक तेजी के साथ 23,998.25 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 776.01 अंक यानी 1.02 प्रतिशत की मजबूती के साथ 76,835.75 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 228.50 अंक यानी 0.96 प्रतिशत की उछाल के साथ 23,995.95 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था।
