sports-cwg2026-day2-india

ग्लास्गो, 23 जुलाई । राष्ट्रमंडल खेल-2026 के दूसरे दिन शुक्रवार को भारत के खिलाड़ी कई स्पर्धाओं में अपनी चुनौती पेश करेंगे। भारतीय दल के खिलाड़ी जिम्नास्टिक्स, तैराकी, पैरा तैराकी, पैरा पावरलिफ्टिंग, लॉन बॉल्स और मुक्केबाजी में भाग लेंगे।

दिन की शुरुआत पुरुष टीम जिम्नास्टिक्स क्वालिफिकेशन से होगी, जबकि देर रात तक कई पदक स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ी मैदान में होंगे।

पुरुष टीम जिम्नास्टिक्स में तपन मोहंती, स्वाथिश केपी, तपेश्वरनाथ दास और योगेश्वर सिंह भारतीय चुनौती पेश करेंगे।

तैराकी में श्रीहरि नटराज पुरुष 50 मीटर बैकस्ट्रोक की हीट में उतरेंगे और क्वालिफाई करने पर सेमीफाइनल भी खेलेंगे।

पैरा तैराकी में रवि वीरा वेंकट भवानी कार्तिक बुडिग्ना और इमाम अली पुरुष एस13 100 मीटर फ्रीस्टाइल में पहले हीट और फिर क्वालिफिकेशन मिलने पर फाइनल में भाग लेंगे।

पैरा पावरलिफ्टिंग में भारत की सबसे बड़ी चुनौती देखने को मिलेगी। पुरुष लाइटवेट वर्ग में अशोक और परमजीत कुमार, महिला लाइटवेट वर्ग में जसप्रीत कौर और सुमन देवी, महिला हेवीवेट में कस्तूरी राजामणि, जबकि पुरुष हेवीवेट में सुधीर और झांडू कुमार पदक के लिए अपना दमखम दिखाएंगे।

लॉन बॉल्स में महिला युगल स्पर्धा में पिंकी और रूपा रानी तिर्की का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका की जोड़ी से होगा, जबकि पुरुष सिंगल्स में पुतुल सोनोवाल का सामना फॉकलैंड द्वीपसमूह के सेसिल अलेक्जेंडर से होगा।

मुक्केबाजी में पुरुष 55 किलोग्राम भारवर्ग के राउंड ऑफ-32 में जादुमणि सिंह स्कॉटलैंड के आरोन कुलेन के खिलाफ रिंग में उतरेंगे।

राष्ट्रमंडल खेल 2026: 24 जुलाई को भारतीय खिलाड़ियों का कार्यक्रम (भारतीय समयानुसार)

भारतीय खिलाड़ियों का मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगा।

दिन की शुरुआत पुरुष टीम जिम्नास्टिक्स से होगी। इसके बाद 3:40 बजे पैरा तैराकी में रवि वीरा वेंकट भवानी कार्तिक बुडिग्ना और इमाम अली, 3:56 बजे तैराकी में श्रीहरि नटराज तथा 5:40 बजे पैरा पावरलिफ्टिंग में अशोक और परमजीत कुमार चुनौती पेश करेंगे।

शाम 7:24 बजे महिला पैरा पावरलिफ्टिंग में जसप्रीत कौर और सुमन देवी, 7:30 बजे लॉन बॉल्स में पिंकी और रूपा रानी तिर्की एक्शन में होंगी।

रात 10:00 बजे जिम्नास्टिक्स का फाइनल, 10:20 बजे पुरुष लॉन बॉल्स में पुतुल सोनोवाल,

रात 10:40 बजे महिला पैरा पावरलिफ्टिंग में कस्तूरी राजामणि और 11:00 बजे मुक्केबाजी के 55 किलोग्राम भारवर्ग में जादुमणि सिंह मुकाबला खेलेंगे।

वहीं, 25 जुलाई को रात 12:00 बजे पैरा तैराकी के संभावित फाइनल (क्वालिफिकेशन मिलने पर) तथा 12:29 बजे पुरुष पैरा पावरलिफ्टिंग हेवीवेट फाइनल में सुधीर और झांडू कुमार भारत की चुनौती पेश करेंगे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights