sports-cwg-indian-contingent

नई दिल्ली, 06 जुलाई । भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) 23 जुलाई से 2 अगस्त तक स्कॉटलैंड के ग्लासगो में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए रवाना हो रहे भारतीय दल को 7 जुलाई को नई दिल्ली में औपचारिक विदाई देगा। इस समारोह में 10 खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले 124 खिलाड़ियों का सम्मान किया जाएगा।

भारतीय दल की अगुवाई ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा, ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू, डेकाथलॉन खिलाड़ी तेजस्विन शंकर और मुक्केबाजी की ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन करेंगे। इस बार भारतीय दल में सक्षम खिलाड़ियों के साथ-साथ पैरा खिलाड़ी भी शामिल हैं। राष्ट्रमंडल खेलों के इस संस्करण में प्रतियोगिताएं सीमित खेलों में आयोजित होंगी, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने इसके लिए कड़ी तैयारी की है और उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

चोट के कारण बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों से बाहर रहने वाले नीरज चोपड़ा इस बार वापसी कर रहे हैं और भारतीय एथलेटिक्स अभियान की अगुवाई करेंगे। वहीं हाल ही में रांची में आयोजित फेडरेशन कप में डेकाथलॉन में 8000 अंकों का आंकड़ा पार करने वाले तेजस्विन शंकर भी पदक के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। भारोत्तोलन में मीराबाई चानू चोट से उबरने के बाद अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में वापसी करेंगी। भारत ने बर्मिंघम 2022 में भारोत्तोलन में 10 पदक जीते थे और इस बार भी उससे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। मुक्केबाजी में साक्षी, प्रीति, अंकुश और लवलीना बोरगोहेन भारत की प्रमुख पदक उम्मीदों में शामिल हैं।

विदाई समारोह में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह, आईओए अध्यक्ष डॉ. पी. टी. ऊषा, खेल विभाग के सचिव हरि रंजन राव सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। भारतीय दल के शेफ-डी-मिशन के रूप में रोहित राजपाल जिम्मेदारी निभाएंगे। रवि बंगानी, वंदना राव और राहुल स्वामी को जनरल टीम मैनेजर नियुक्त किया गया है। डॉ. दिनशॉ पारदीवाला मुख्य चिकित्सा सलाहकार होंगे, जबकि उनके साथ फिजियोथेरेपिस्ट की टीम भी रहेगी। श्रीनिवासन कन्नन और सर्वेश केडिया भारतीय दल के प्रेस अटैची होंगे।

इस अवसर पर भारतीय दल की आधिकारिक सेरेमोनियल किट भी लॉन्च की जाएगी। प्रसिद्ध डिज़ाइनर आक़िब वानी द्वारा जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के सहयोग से तैयार की गई इस किट का अनावरण भारतीय खिलाड़ियों के विशेष रैंप वॉक के साथ किया जाएगा।

इसके अलावा, 2030 अहमदाबाद राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की तैयारियों के तहत भारत का ऑब्जर्वर प्रतिनिधिमंडल भी ग्लासगो खेलों के आयोजन, प्रतियोगिता संचालन और वेन्यू प्रबंधन जैसी व्यवस्थाओं का अध्ययन करेगा।

आईओए अध्यक्ष डॉ. पीटी ऊषा ने कहा कि भारतीय दल के सभी खिलाड़ियों ने देश का प्रतिनिधित्व करने का गौरव हासिल किया है और उन्हें पूरा विश्वास है कि खिलाड़ी साहस, दृढ़ संकल्प और खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights