जिलाध्यक्ष जिया चौधरी पर लगाए गंभीर आरोप, बोले पार्टी को एक नेता के इशारे पर चलाया जा रहा, राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सामने रखूंगा पूरा मामला
मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी में अंदरूनी कलह एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। सपा के वरिष्ठ नेता साजिद हसन ने जिलाध्यक्ष जिया चौधरी पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि उन्हें जिला मीडिया प्रभारी पद से हटाने की खबर पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन है। उन्होंने कहा कि वह 11 जून 2026 को ही स्वेच्छा से यह पद छोड़ चुके थे, ऐसे में बाद में उन्हें पद से हटाने की घोषणा केवल उनका अपमान करने की नीयत से की गई।
साजिद हसन ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि उन्होंने जिलाध्यक्ष जिया चौधरी की कार्यशैली पर पहले ही आपत्ति दर्ज कराते हुए पद से इस्तीफा दे दिया था। उनका आरोप है कि जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की सबको साथ लेकर चलने की नीति के विपरीत काम कर रहे हैं तथा पार्टी को एक खास नेता के प्रभाव में चलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिलाध्यक्ष का काम केवल नए जिला मीडिया प्रभारी की नियुक्ति करना था, लेकिन इसके बजाय उन्हें पद से हटाने की घोषणा कर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया। साजिद हसन ने इसे पार्टी अनुशासन के खिलाफ बताते हुए कहा कि यह कदम व्यक्तिगत द्वेष और एक नेता के इशारे पर उठाया गया। साजिद हसन ने यह भी दावा किया कि वर्तमान कार्यशैली के कारण समाजवादी पार्टी के करीब 70 प्रतिशत कार्यकर्ता संगठन से दूरी बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी किसी एक व्यक्ति की जागीर नहीं है और संगठन को व्यक्तिगत हितों के बजाय पार्टी की विचारधारा के अनुरूप चलाया जाना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वह पूरे मामले से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को अवगत कराएंगे और अपना पक्ष उनके समक्ष रखेंगे।
