उत्तरकाशी, 7 अक्टूबर (हि स)। सेवा संकल्प अभियान के तहत उत्तरकाशी में सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ करने पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नगर के प्रसिद्ध श्री काशी विश्वनाथ व शक्ति मंदिर को कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की घोषणा की है।
कहा कि यह हमारा धार्मिक स्थल है। जिनके दर्शनों के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं, इसलिए इसे सुविधाजनक होना चाहिए। कॉरिडोर के रूप में विकसित होने के बाद यहां धार्मिक पर्यटन और रोजगार के साधन बढ़ेंगे। उन्होंने इस मौके पर जिला अस्पताल उत्तराकशी का नाम भी स्व. गोपाल सिंह रावत के नाम पर रखने की घोषणा की।
बुधवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी पहुंचे। जहां उन्होंने नगर के प्रसिद्ध श्री काशी विश्वनाथ और शक्ति मंदिर में पूजा अर्चना की। इसके बाद वह रामलीला मैदान पहुंचे और सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा संकल्प सभा व सेवा ज्योति कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के सेवा काल के सफल 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में नई दिल्ली से प्रसारित लाइव प्रसारण को वर्चुअली देखा व उनके दूरदर्शी नेतृत्व और सेवा भावना की सराहना की।
यहां जन सभा को संबोधित करते सीएम धामी ने कहा कि यह ऐतिहासिक रामलीला मैदान हमारी सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक रहा है। आज हमारे देश के कर्मयोगी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। इस अवसर पर सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया जा रहा है यह यात्रा जन सेवा, राष्ट्र भाव , जन कल्याण के महासंगम का प्रतीक है जिसे प्रधानमंत्री ने पिछले ढाई दशक में अपने जीवन का मिशन और संकल्प बनाया है।
उन्होंने कहा कि हमें इसी यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संदेश को हर व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्हाेंने गाजणा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी के उच्चीकरण को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका परीक्षण कराया जाएगा और भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की मांग को लेकर भारत सरकार पत्र भेजा गया है और जिस पर जल्द स्वीकृति हेतु आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। डोडी ताल, अवाना बुग्याल, हरिमहाराज सौड बुग्याल आदि को मानचित्र पर निर्धारित एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी गाजणा का नाम पूर्व विधायक स्वर्गीय श्री गोपाल सिंह रावत के नाम पर किया जाएगा।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने केदारनाथ की भूमि से कहा था कि 21वी सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा । उनके इस विजन को पूरा करने के लिए हमारी सरकार समर्पित होकर कार्य कर रही है। आज हमारी सरकार हमारे सरकार के संकल्प और प्रधानमंत्री के विजन के कारण पहाड़ में रेल, उद्योग, रोजगार, पर्यटन और पहाड़ में पलायन रोकने के प्रयास संभव हो रहे हैं। कहा कि राज्य की इकॉनमी डेढ़ गुणा से अधिक बढ़ी है प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं होटल की संख्या में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी, होमस्टे में 50 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी हुई है। कहा कि सरकार द्वारा चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सरल और सुव्यवस्थित बनाने के परिणाम भी आ रहे हैं कि इस बार अभी तक 56 लाख से अधिक श्रद्धालु के आगमन ने चारधाम यात्रा के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
उत्तरकाशी में भी विकास की दौड़ में 200 करोड़ से अधिक की 50 योजनाओं का शिलान्यास किया गया है। जिनमें से 26 योजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा 24 योजनाओं का कार्य गतिमान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास की यह गंगा यूँ ही बहती रहेगी।
इस अवसर पर जिपं अध्यक्ष रमेश चौहान, विधायक सुरेश चौहान,दुर्गेश्वर लाल, दर्जधारी मंत्री प्रताप सिंह पवार, राम सुंदर नौटियाल, जगत सिंह चौहान, श्याम डोभाल, जनानंद नौटियाल, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, केदार सिंह रावत, मालचंद, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट,सूरत राम नौटियाल, शारदा राणा, भाजपा जिला अध्यक्ष नागेंद्र चौहान,नवीन ठाकुर, विनोद रतूड़ी ,प्रमुख ममता पवार, राजदीप परमार,डीएम प्रशांत आर्य, एसपी कमलेश उपाध्याय, सीडीओ जय भारत सिंह सहित आदि मौजूद रहे।
1. काशी विश्वनाथ व शक्ति मंदिर को कॉरिडोर के रूप में किया जायेगा विकसित
2. जिला अस्पताल नाम पूर्व विधायक स्व. गोपाल रावत के नाम पर जाना जायेगा।
