नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर बरामदे में स्थापित प्रदर्शन केंद्र, छह विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं को मशीन से मतदान और वीवीपैट सत्यापन की जानकारी देने की तैयारी।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली से रूबरू कराने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय ने जागरूकता अभियान को नई गति दी है। नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर बरामदे में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किया गया है, जहां मतदाता मशीनों की कार्यप्रणाली समझ सकेंगे और मतदान प्रक्रिया को लेकर अपनी शंकाओं का समाधान कर सकेंगे। नगर मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में ईवीएम/वीवीपैट मशीनों के प्रशिक्षण, जागरूकता और प्रचार-प्रसार के लिए यह केंद्र स्थापित किया गया है। जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से केंद्र को नियमित रूप से संचालित करने की व्यवस्था की गई है। 20 नवंबर 2026 से कार्य समाप्ति तक प्रत्येक कार्यदिवस सुबह 10 बजे निर्वाचन कार्यालय से ईवीएम मशीन प्रदर्शन केंद्र पर लाई जाएगी। शाम पांच बजे के बाद मशीन को वापस जिला निर्वाचन कार्यालय में सुरक्षित जमा कराया जाएगा। इसके लिए कर्मचारियों की जिम्मेदारी भी निर्धारित की गई है। आदेश के तहत अहलमद नगर मजिस्ट्रेट अम्मार हैदर, वाहन चालक बागेश पाठक तथा कोर्ट मोहिर्रिर रीटू को ड्यूटी सौंपी गई है। बागेश पाठक और रीतू को प्रत्येक कार्यदिवस प्रदर्शन केंद्र पर उपस्थित रहकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना और ईवीएम-वीवीपैट के इस्तेमाल की जानकारी देकर चुनावी प्रक्रिया में विश्वास मजबूत करना है। आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को देखते हुए जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में चलने वाले जागरूकता अभियान के तहत मतदाता मशीनों की कार्यप्रणाली समझ सकेंगे।
