पुलिस लाइन में व्यापारी सुरक्षा गोष्ठी के दौरान एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने दिए सख्त निर्देश, प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी, रात में पहरा और संदिग्धों पर नजर रखने की अपील, ऑनलाइन ठगी से बचाव के लिए भी किया जागरूक।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। बाजारों में व्यापारियों की सुरक्षा, प्रतिष्ठानों की निगरानी और ऑनलाइन ठगी की बढ़ती आशंकाओं को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में पहल तेज कर दी है। अब व्यापारियों को केवल पुलिस की गश्त के भरोसे नहीं रहना होगा, बल्कि बाजारों में सामूहिक सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी नेटवर्क और संदिग्ध गतिविधियों पर आपसी निगरानी का तंत्र विकसित करने पर जोर दिया गया है। व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ ने अधिकारियों और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। गोष्ठी के दौरान एसपी क्राइम ने व्यापारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है और किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। व्यापारियों की ओर से उठाए गए सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए एसपी क्राइम ने बाजारों और दुकानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि केवल कैमरे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी दिशा ऐसी होनी चाहिए कि प्रतिष्ठान के साथ आसपास के रास्तों और गतिविधियों पर भी नजर रखी जा सके। मुख्य बाजारों और मार्गों पर व्यापारियों को आपसी समन्वय से अतिरिक्त कैमरे लगाने तथा रात के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने की सलाह दी गई। उन्होंने बाजारों में सामूहिक रूप से सुरक्षा गार्ड और चौकीदार तैनात करने का सुझाव भी दिया। नकदी लेकर आने-जाने वाले व्यापारियों को विशेष सतर्कता बरतने और बड़ी रकम के परिवहन से पहले स्थानीय पुलिस को सूचना देने के लिए जागरूक किया गया। किसी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति से खतरे की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की गई। बैठक में ऑनलाइन लेनदेन और साइबर अपराध का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। व्यापारियों को फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ऑनलाइन भुगतान के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी तथा साइबर ठगी के अन्य तरीकों से सावधान रहने की जानकारी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि साइबर धोखाधड़ी होने पर समय गंवाए बिना हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि ठगी की रकम को रोकने के प्रयास किए जा सकें। इस दौरान सीएफओ अनुराग कुमार, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, नगर क्षेत्र के थाना प्रभारी एवं उपनिरीक्षक, पीडब्ल्यूडी और विद्युत विभाग के अधिकारी तथा यातायात प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बाजारों को सुरक्षित बनाना रहा।
