विधानसभा चुनाव-2027 से पहले मुजफ्फरनगर में निर्वाचन आयोग की बड़ी पहल, जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने शुरू कराया विशेष अभियान, जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों और तहसीलों तक पहुंचेगा जागरूकता कार्यक्रम।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के बीच निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से सीधे रूबरू कराने की मुहिम छेड़ दी है। अब ईवीएम की कार्यप्रणाली को लेकर मतदाताओं को केवल जानकारी ही नहीं दी जाएगी, बल्कि वे खुद मशीन पर बटन दबाकर वोट डालने और वीवीपैट पर उसकी पर्ची देखकर सत्यापन करने का अनुभव भी हासिल कर सकेंगे। मुजफ्फरनगर में इस विशेष अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में किया। अभियान के जरिए निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और ईवीएम-वीवीपैट को लेकर मतदाताओं का भरोसा मजबूत करने की कोशिश की जाएगी। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के निर्देश पर शुरू किए गए इस अभियान का दायरा जिले की सभी छह विधानसभा सीटों तक रहेगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की तहसीलों में भी प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि शहर से लेकर गांवों तक मतदाताओं को मतदान की तकनीकी प्रक्रिया समझने का अवसर मिल सके। इस अभियान की सबसे खास बात यह है कि मतदाता अब ईवीएम को केवल देखकर नहीं लौटेंगे, बल्कि खुद उसका इस्तेमाल करके पूरी प्रक्रिया समझ सकेंगे। उन्हें मशीन पर अपनी पसंद के प्रत्याशी के सामने वाला बटन दबाकर मतदान का अभ्यास कराया जाएगा। इसके बाद वीवीपैट स्क्रीन पर कुछ सेकंड के लिए दिखाई देने वाली पर्ची के माध्यम से वे देख सकेंगे कि उनके द्वारा चुने गए प्रत्याशी का नाम और चुनाव चिह्न क्या प्रदर्शित हुआ है। इस तरह मतदान की प्रक्रिया को लेकर उनके सवालों और आशंकाओं का व्यावहारिक समाधान किया जाएगा। दरअसल, चुनाव के दौरान ईवीएम की विश्वसनीयता, मतदान की प्रक्रिया और वोट के सत्यापन को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। निर्वाचन आयोग की इस पहल का मकसद इन सवालों का जवाब तथ्यों और प्रत्यक्ष प्रदर्शन के जरिए देना है। प्रशासन चाहता है कि मतदाता मतदान केंद्र पहुंचने से पहले ही मशीनों की कार्यप्रणाली से पूरी तरह परिचित हों और किसी तरह के भ्रम में न रहें। शुभारंभ के दौरान जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जागरूक मतदाता और निष्पक्ष मतदान प्रक्रिया बेहद जरूरी है। प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार के महत्व के साथ मतदान की पूरी प्रक्रिया की जानकारी भी होनी चाहिए। ईवीएम एवं वीवीपैट का प्रत्यक्ष प्रशिक्षण मतदाताओं की शंकाओं को दूर करने और उनमें विश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में आयोजित होने वाले जागरूकता कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली को स्वयं समझें। प्रशासन की योजना अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचकर उन्हें मतदान के प्रति जागरूक बनाने की है। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी देश दीपक सिंह, जिला चकबंदी अधिकारी देवेंद्र सिंह रायपा, उप जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट कृष्णकांत तथा जिला निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।
