मीरापुर क्षेत्र में 17 वर्षीय बेटी के लापता होने से परिवार में हड़कंप, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की।

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। मां घर से बाहर गई और शाम को वापस लौटी तो घर में बेटी नहीं मिली। 17 वर्षीय किशोरी के अचानक लापता होने से परिवार में बेचैनी फैल गई। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर मां ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। मामले में बड़ी बेटी के पति पर किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मीरापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में सामने आए इस मामले ने परिजनों की चिंता बढ़ा दी है। पीड़ित महिला ने बताया था कि वह गत 15 नवंबर को सुबह करीब नौ बजे अपनी बड़ी बेटी को वापस घर लाने के लिए हरिद्वार जनपद के मंगलौर गई थी। घर पर उस समय उसकी 17 वर्षीय छोटी बेटी अकेली थी। मां शाम को बड़ी बेटी को लेकर वापस लौटी तो छोटी बेटी घर से गायब मिली। अचानक बेटी के घर पर नहीं मिलने से महिला घबरा गई। उसने आसपास के लोगों से पूछताछ की और रिश्तेदारों सहित संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन किशोरी का कोई पता नहीं चल सका। परिजनों की खोजबीन के दौरान जानकारी सामने आई कि मां के घर से निकलने के बाद एक युवक वहां पहुंचा था। महिला ने आरोप लगाया कि युवक उसकी बड़ी बेटी का पति मोहम्मद तकी है, जो मध्य प्रदेश में काम करता था। आरोप है कि वह वापस लौटने के बाद गांव पहुंचा और घर पर अकेली किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। बेटी का सुराग नहीं मिलने पर मां ने मीरापुर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी मोहम्मद तकी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। किशोरी की तलाश के साथ पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल किशोरी के लापता होने की वास्तविक वजह और उसके ठिकाने का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights