seva-sankalp-school-events

देहरादून, 20 सितंबर । प्रदेश के राजकीय एवं निजी विद्यालयों में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत भाषण, चित्रकला, निबंध, रंगोली और युवा संवाद समेत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने रविवार को विभागीय अधिकारियों को अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए।

प्राथमिक शिक्षा निदेशालय स्थित विद्या समीक्षा केंद्र में विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान डॉ. रावत ने बताया कि प्रत्येक विद्यालय में 26 सितंबर को भाषण और 28 सितंबर को चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित होगी। चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थी ‘विकसित भारत’ की परिकल्पना को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को जनपद और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग का अवसर मिलेगा और प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि बालिका इंटर कॉलेजों में रंगोली प्रतियोगिता और प्रत्येक ब्लॉक अथवा विधानसभा क्षेत्र में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन जनपदों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।

डॉ. रावत ने कहा कि सात अक्टूबर को प्रदेश के सभी राजकीय विद्यालयों और छात्रावासों में ‘गढ़भोज’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पीएम पोषण योजना के तहत विद्यार्थियों को पहाड़ी और स्थानीय पारंपरिक व्यंजन परोसे जाएंगे। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को उत्तराखंड की खान-पान परंपरा, संस्कृति और स्थानीय उत्पादों से जोड़ना है।

उन्होंने नवीन उच्चीकृत विद्यालयों में इसी शैक्षणिक सत्र से कक्षाएं शुरू करने और विद्यार्थियों के प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालयों के आगणन शासन को शीघ्र उपलब्ध कराने तथा समग्र शिक्षा के तहत विद्यार्थियों को स्कूल ड्रेस, जूते और बैग के लिए मिलने वाली धनराशि डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में भेजने को भी कहा।

मंत्री ने विद्यार्थियों को भारत दर्शन और राज्य दर्शन कार्यक्रम के तहत शैक्षणिक भ्रमण पर भेजने के लिए भी तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर सचिव विद्यालयी शिक्षा नमामि बंसल, महानिदेशक शिक्षा आकांक्षा कोंडे, निदेशक माध्यमिक वी.पी. सिमल्टी, निदेशक प्राथमिक के.एस. रावत समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। अन्य जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।

—-

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights