sensensex-plunged-1248-points-nifty-also-fell-384-

नई दिल्ली, 24 सितंबर । अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन गुरवार को शेयर बाजार तेज गिरावट के साथ बंद हुआ। बाजार का मानक सूचकांक बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 1248 अंक लुढ़क गया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 384 अंक के नुकसान में रहा। यह दोनों प्रमुख सूचकांकों के लिए 08 जुलाई के बाद सबसे बड़ी एकदिनी गिरावट रही।

कारोबार के अंत में तीस शेयरों पर आधारित बीएसई का सेंसेक्स 1,247.71 अंक यानी 1.67 फीसदी लुढ़क कर 73,580.54 अंक पर बंद हुआ है। सेंसेक्स कारोबार के दौरान एक समय 1,264.33 अंक की गिरावट के साथ 73,563.92 के स्तर पर आ गया था। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 383.70 अंक यानी 1.64 फीसदी टूटकर 23,063.10 के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से 29 के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें बजाज फाइनेंस में सबसे अधिक 5.47 फीसदी, एक्सिस बैंक में 4.67 फीसदी, बजाज फिनसर्व में 4.06 फीसदी, इंटरग्लोब एविएशन में 2.78 फीसदी, ट्रेंट में 2.75 फीसदी और महिंद्रा एंड महिंद्रा में 2.31 फीसदी की गिरावट रही। एनटीपीसी का शेयर अपरिवर्तित रहा।

इसके अलावा एशिया के अन्य शेयर बाजारों में जापान का निक्की बढ़त में बंद हुआ, जबकि चीन में शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट के साथ बंद हुए हैं। वहीं, यूरोप के प्रमुख शेयर बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख था। अमेरिकी मुद्रा डॉलर के मुकाबले में रुपये की विनिमय दर 23 पैसे टूटकर 95.96 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा।

इस बीच नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड का शेयर आज अपने पहले कारोबारी दिन में करीब दो फीसदी बढ़कर 1,818 रुपये पर बंद हुआ है। इसके साथ एनएसई का बाजार मूल्यांकन 4.49 लाख करोड़ रुपये रहा।

विश्लेषकों के अनुसार कच्चे तेल के दाम में तेजी के साथ वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड और बैंक शेयरों में बिकवाली से शेयर बाजार की धारणा कमजोर हुई।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को बीएसई का सेंसेक्स 299.17 अंक बढ़कर 74,828.25 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 117.80 अंक की तेजी के साथ 23,446.80 अंक पर बंद हुआ था।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights