बोले- सपा शासन में 800 से अधिक दंगे हुए, मुजफ्फरनगर ने भी झेला था दंगों का दंश, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के दिए निर्देश।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने और पिछड़े वर्गों व दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप ने मेरठ रोड स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग से जुड़ी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा करते हुए उन्होंने जिलाधिकारी, एसएसपी और संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। वहीं, बैठक के दौरान मंत्री के राजनीतिक तेवर भी देखने को मिले। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर निशाना साधते हुए उनके राजनीतिक दृष्टिकोण और पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल को लेकर तीखे सवाल खड़े किए। नरेंद्र कश्यप ने कहा कि सरकार की मंशा है कि पिछड़े वर्ग के जरूरतमंद लोगों और दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिले। पात्र व्यक्तियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उन्हें आवेदन और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया में भी सहयोग किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विभागीय योजनाओं का क्रियान्वयन केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनका वास्तविक लाभ जरूरतमंद परिवारों तक दिखाई देना चाहिए। बैठक के बाद राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए नरेंद्र कश्यप ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन को संविधान की विचारधारा के विपरीत बताते हुए हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस के शासनकाल में विकास के बजाय दंगों और कानून-व्यवस्था की बदहाल स्थिति की चर्चा अधिक होती थी। मंत्री ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में 800 से अधिक दंगे हुए। उन्होंने मुजफ्फरनगर दंगे का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि जनपद के लोगों ने उस दौर की भयावह तस्वीर अपनी आंखों से देखी है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर का दंगा प्रदेश की राजनीति और सामाजिक व्यवस्था पर गहरा असर छोड़ने वाली घटना रही है। नरेंद्र कश्यप के इन बयानों से साफ है कि एक ओर सरकार पिछड़ा वर्ग और दिव्यांगजनों के कल्याण को लेकर प्रशासनिक सक्रियता बढ़ाने का संदेश दे रही है, वहीं दूसरी ओर आगामी राजनीतिक मुकाबले की पृष्ठभूमि में सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है।
