उपेंद्र राय का पत्रकारों को संदेश: ऊंची आवाज नहीं, सत्य और नैतिकता बनाएं पत्रकारिता की ताकत, गुरुग्राम में मीडिया रिट्रीट का आगाज।
गुरुग्राम (नीरज प्रजापति)। खबरों की दौड़, सूचनाओं के दबाव, प्रतिस्पर्धा और लगातार बदलती मीडिया की दुनिया के बीच पत्रकारों को अपनी आंतरिक शांति, नैतिक मूल्यों और आत्मिक शक्ति से जोड़ने की पहल शुरू हुई है। गुरुग्राम स्थित ब्रह्माकुमारीज़ के ओम शांति रिट्रीट सेंटर में शनिवार को तीन दिवसीय मीडिया रिट्रीट का शुभारंभ हुआ। ‘सुर्खियों से परे : आंतरिक शोर से आंतरिक स्पष्टता की ओर’ विषय पर आयोजित इस विशेष आयोजन में देशभर से पहुंचे 250 से अधिक मीडियाकर्मियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में पत्रकारिता की चुनौतियों के साथ-साथ मानसिक शांति, आध्यात्मिक चेतना और जिम्मेदार पत्रकारिता के महत्व पर गंभीर मंथन हुआ।

उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि भारत एक्सप्रेस के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं एडिटर इन चीफ उपेंद्र राय ने पत्रकारिता के मौजूदा दौर में आध्यात्मिकता को बेहद जरूरी बताते हुए कहा कि बाहरी परिस्थितियों से पैदा होने वाले तनाव की तुलना में मन के भीतर उठने वाले द्वंद्व को शांत करना अधिक चुनौतीपूर्ण है। बाहर की आग आसानी से बुझाई जा सकती है, लेकिन भीतर की आग को शांत करने के लिए आध्यात्मिकता की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि जिस तरह नदियों का शोर सागर में समाकर शांत हो जाता है, उसी तरह मन का शोर भी ईश्वर से जुड़ने पर थमता है। उपेंद्र राय ने पत्रकारों को संदेश दिया कि प्रभावशाली पत्रकारिता का आधार ऊंची आवाज नहीं, बल्कि सत्य, शालीनता और तर्कपूर्ण अभिव्यक्ति होनी चाहिए। उन्होंने सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और नैतिकता को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए कहा कि जीवन की अनेक परेशानियां अनावश्यक बोलने से पैदा होती हैं। आत्मज्ञान की अनुभूति के लिए व्यक्ति को अपने भीतर झांकना जरूरी है। ओम शांति रिट्रीट सेंटर की निदेशिका राजयोगिनी बीके आशा दीदी ने कहा कि दूसरों से संवाद करने वाला मीडिया जगत स्वयं से संवाद करना भी सीखे। आध्यात्मिकता व्यक्ति को अपनी आंतरिक दुनिया से परिचित कराती है। उन्होंने कहा कि श्रेष्ठ समाज के पुनर्निर्माण की शुरुआत स्वयं के भीतर सकारात्मक बदलाव लाने से होगी और मीडिया को इस परिवर्तन में आदर्श भूमिका निभानी चाहिए। राजयोगिनी शुक्ला दीदी ने कहा कि मीडिया समाज की सोच और दिशा बदलने की सामर्थ्य रखता है, इसलिए उसके कार्यों में नैतिक मूल्यों का होना बेहद आवश्यक है। इंडिया टुडे मीडिया इंस्टीट्यूट के निदेशक ध्रुव ज्योति पति ने खबरों की गुणवत्ता पर जोर दिया, जबकि पीआईबी के पूर्व प्रधान महानिदेशक कुलदीप धतवालिया ने तकनीक के इस्तेमाल में सही-गलत का विवेक बनाए रखने की आवश्यकता बताई। मीडिया प्रभाग की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बीके सरला आनंद ने सामाजिक परिवर्तन में मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। राष्ट्रीय संयोजक राजयोगी बीके सुशांत ने पत्रकारों के व्यक्तित्व निर्माण को संस्थान की प्रमुख प्राथमिकता बताया। इससे पूर्व बीके कोमल ने अतिथियों का स्वागत किया। मुंबई से आईं बीके कमलेश ने राजयोग अभ्यास के माध्यम से उपस्थित लोगों को शांति का अनुभव कराया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। अतिथियों का तिलक, पटका और पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। बीके चांद ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जबकि बीके हुसैन ने संचालन किया। तीन दिवसीय रिट्रीट में पत्रकारिता की चुनौतियों के बीच आत्मिक संतुलन और सकारात्मक सोच विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
