नरेंद्र कश्यप ने अधिकारियों को दिए शत-प्रतिशत पात्रों तक लाभ पहुंचाने के निर्देश, पेंशन से लेकर छात्रवृत्ति और शादी अनुदान योजनाओं की समीक्षा।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में अब किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति हो या दिव्यांगजनों की पेंशन, ट्राईसाइकिल और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाएं, हर जरूरतमंद तक सरकारी सहायता पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। यह सख्त संदेश उत्तर प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने शनिवार को मुजफ्फरनगर के मेरठ रोड स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में दिया।
निरीक्षण भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग और दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के मंडलीय एवं जनपदीय अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए विभाग में पर्याप्त बजट की व्यवस्था की गई है, ऐसे में धन की कमी या अन्य बहाने बनाकर पात्रों को लाभ से वंचित रखना स्वीकार नहीं किया जाएगा। समीक्षा के दौरान दिव्यांगजनों के लिए संचालित सहायक उपकरण वितरण, दिव्यांग पेंशन, दुकान निर्माण एवं संचालन योजना, ई-ट्राईसाइकिल, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल तथा दिव्यांग शादी-विवाह अनुदान योजना पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र दिव्यांगजनों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज की जाए। इसी तरह पिछड़े वर्ग के युवाओं और परिवारों के हित में संचालित छात्रवृत्ति, ओ-लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण और शादी अनुदान योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि शिक्षा, कौशल विकास और आर्थिक सहायता से जुड़ी योजनाएं जरूरतमंदों के जीवन में बदलाव लाने का माध्यम हैं। इसलिए आवेदन लंबित रखने के बजाय उनका समयबद्ध निस्तारण किया जाए। विभागीय समीक्षा के बाद मंत्री नरेंद्र कश्यप ने जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के साथ भी बैठक की। उन्होंने जनसामान्य को आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी दीक्षा उपाध्याय सहित संबंधित मंडलीय एवं जनपदीय अधिकारी मौजूद रहे।
