जिन क्षेत्रों में अब तक शुरू नहीं हुआ काम, वहां तत्काल अभियान चलाने के निर्देश, हर परिवार की भागीदारी और रिकॉर्ड सुरक्षित रखने पर जोर।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को लेकर जिला प्रशासन ने अब अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। स्व-गणना के लिए निर्धारित अंतिम तारीख नजदीक आने के साथ ही अधिकारियों को काम में तेजी लाने और शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि जनपद के किसी भी क्षेत्र में स्व-गणना का कार्य अधूरा नहीं रहना चाहिए। इसके लिए सुपरवाइजरों को अपने-अपने क्षेत्रों की जमीनी स्थिति की समीक्षा कर तत्काल प्रभाव से कार्य शुरू कराने को कहा गया है।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने बताया कि जनपद में स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया 30 नवंबर 2026 तक संचालित की जाएगी। उन्होंने सभी प्रगणक अधिकारियों, चार्ज अधिकारियों, सुपरवाइजरों और नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना का यह कार्य केवल प्रशासनिक औपचारिकता नहीं, बल्कि जनपद की वास्तविक जनसंख्या और सामाजिक स्थिति का सटीक आंकड़ा तैयार करने का महत्वपूर्ण आधार है।
जिला जनगणना अधिकारी ने सुपरवाइजरों को विशेष रूप से निर्देशित किया है कि वे अपने क्षेत्रों के सभी एन्यूमरेशन ब्लॉक (ईबी) की समीक्षा करें और ऐसे ब्लॉकों की पहचान करें, जहां अभी तक कोई कार्य शुरू नहीं हुआ है। ऐसे क्षेत्रों में बिना देरी किए अभियान चलाकर प्रगति सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों को केवल कागजी रिपोर्ट तक सीमित न रहकर वास्तविक स्थिति पर नजर रखने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
प्रशासन ने अभिलेखों के रखरखाव को लेकर भी सख्त निर्देश दिए हैं। स्व-गणना और गणना से संबंधित प्रत्येक कार्य की हार्ड कॉपी सुरक्षित रखनी होगी। प्रत्येक स्व-गणना की एसईआईडी संख्या अनिवार्य रूप से दर्ज की जाएगी। फील्ड में तैनात प्रगणकों को संबंधित एसईआईडी और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि आगामी गणना के दौरान उन्हें परेशानी न हो और कार्यभार कम किया जा सके।
गंभीर सिंह ने सभी अधिकारियों और सुपरवाइजरों से नियमित समीक्षा कर लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 30 नवंबर की समयसीमा को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ कार्य करें। जनगणना अभियान की सफलता प्रशासनिक प्रयासों के साथ-साथ नागरिकों के सहयोग पर भी निर्भर है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जनपद की बेहतर प्रगति और रैंकिंग के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।
