चरथावल विधानसभा क्षेत्र में औचक निरीक्षण से मचा प्रशासनिक हलचल, बीएलओ को पारदर्शी और त्रुटिरहित पुनरीक्षण के सख्त निर्देश।

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने मतदेय स्थलों और मतदाता सूचियों की शुद्धता को लेकर निगरानी तेज कर दी है। शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने विधानसभा क्षेत्र 12-चरथावल के विभिन्न मतदेय स्थलों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं से लेकर मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, संशोधन करने और अपात्र नामों को हटाने की प्रक्रिया तक की बारीकी से जांच की। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों और बूथों पर विशेष अभियान आयोजित किया गया। इसी दौरान डीएम ने चरथावल विधानसभा क्षेत्र के मतदेय स्थलों पर पहुंचकर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और सुपरवाइजरों से सीधे संवाद किया। उन्होंने मतदेय स्थलों की सूची, बूथों की स्थिति और मतदाता सूची के अद्यतन कार्य की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए प्राप्त फॉर्म-6, मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 की जांच की। उन्होंने अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों की संख्या, उनके सत्यापन और निस्तारण की स्थिति के बारे में जानकारी लेते हुए कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी। डीएम ने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और मतदाता सूची में शामिल होने से छूट गई महिलाओं के नाम दर्ज कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। इसमें किसी पात्र मतदाता का नाम छूटना या गलत प्रविष्टि रहना गंभीर विषय है। इसलिए प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार सत्यापन करते हुए पूरी पारदर्शिता बरती जाए। उन्होंने जेंडर रेशियो और युवा मतदाताओं के पंजीकरण की भी समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में गुणवत्ता और शुद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर शुभम श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights