एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कराया संविधान की प्रस्तावना का पाठ, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों को कार्यशैली में उतारने का दिया संदेश।

मुजफ्फरनगर। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को पुलिस कार्यालय मुजफ्फरनगर में संवैधानिक मूल्यों के प्रति निष्ठा और कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लिया गया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया और संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों तथा मूल कर्तव्यों के पालन की शपथ दिलाई। इस दौरान संविधान की आत्मा में समाहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के सिद्धांतों को पुलिस की कार्यशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया। संविधान दिवस के इस आयोजन में एसपी ग्रामीण ने कहा कि भारतीय संविधान महज एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला और प्रत्येक नागरिक के अधिकारों एवं कर्तव्यों का मार्गदर्शक है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान किया है। ऐसे में प्रत्येक लोकसेवक की जिम्मेदारी है कि वह संवैधानिक मर्यादाओं का सम्मान करते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करे। उन्होंने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन के अधिकारों की रक्षा करना और प्रत्येक व्यक्ति को निष्पक्ष न्याय की प्रक्रिया तक पहुंच सुनिश्चित कराने में सहयोग करना भी उसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। पुलिस की कार्यप्रणाली में निष्पक्षता, पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा की भावना सर्वोपरि होनी चाहिए। एसपी ग्रामीण ने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि कानून की नजर में सभी नागरिक समान हैं। किसी भी व्यक्ति के साथ जाति, धर्म, वर्ग अथवा सामाजिक स्थिति के आधार पर भेदभाव किए बिना कानून के अनुरूप कार्रवाई की जानी चाहिए। आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार और उनकी समस्याओं का निष्पक्ष समाधान ही पुलिस की संवैधानिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है।उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रेरित किया कि वे संविधान में वर्णित मूल कर्तव्यों को केवल शपथ तक सीमित न रखें, बल्कि अपने दैनिक आचरण, निर्णयों और कार्यशैली में भी उतारें। संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करते हुए जनता का विश्वास बनाए रखना प्रत्येक पुलिसकर्मी का दायित्व है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए उसके आदर्शों और मूल्यों के अनुरूप कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पुलिस कार्यालय में उपस्थित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights