जल जीवन मिशन में काम पूरा करने के ढाई साल बाद भी नहीं मिला भुगतान।
कर्ज चुकाने को मकान गिरवी रखा, बहन की शादी के लिए जमीन पर लिया कर्ज, बोले कि सरकार न्याय नहीं दे सकती तो जीने का अधिकार ही छीन ले: नितिन गौतम
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। जिस जल जीवन मिशन को गांव-गांव तक विकास और घर-घर तक पानी पहुंचाने की महत्वाकांक्षी योजना बताया गया, उसी योजना में दिन-रात मेहनत कर काम पूरा कराने वाले पेटी ठेकेदार आज अपनी मेहनत की कमाई के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। करीब चार करोड़ रुपये के कथित बकाये ने दर्जनों ठेकेदारों और उनके परिवारों को आर्थिक संकट में धकेल दिया है। ढाई साल से भुगतान के इंतजार, सरकारी दफ्तरों के चक्कर और धरना-प्रदर्शन के बावजूद समाधान नहीं मिलने से आहत ठेकेदारों ने अब प्रदेश सरकार के सामने न्याय के साथ इच्छा मृत्यु की मांग तक उठाने का दर्दनाक सवाल खड़ा कर दिया है। गुरुवार को मीडिया सेंटर पर आयोजित प्रेस वार्ता में जनपद के कस्बा जानसठ के ठेकेदारों ने एनकेजी प्राइमर्स जेवी कंपनी पर करीब चार करोड़ रुपये का भुगतान रोकने का आरोप लगाया। ठेकेदारों का कहना है कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत वर्ष 2022 में विभिन्न ग्राम पंचायतों में पाइपलाइन बिछाने, सड़क निर्माण और पानी की टंकियों सहित अन्य कार्य शुरू किए गए थे, जिन्हें वर्ष 2023 में पूरा कर दिया गया। इसके बावजूद आज तक उनकी मेहनत का भुगतान नहीं हुआ। उनका आरोप है कि बिल जल निगम ग्रामीण और संबंधित अधिकारियों के माध्यम से कंपनी को भेजे जा चुके हैं, लेकिन भुगतान के नाम पर केवल आश्वासन मिल रहे हैं। प्रेस वार्ता में ठेकेदार नितिन गौतम ने रुआंसी हालात में अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि मजदूरों की मजदूरी चुकाने के लिए उन्हें अपना मकान चोला मंडलम बैंक में गिरवी रखना पड़ा। समय पर ऋण नहीं चुका पाने के कारण बैंक ने उनके घर पर नोटिस तक चस्पा कर दिया है। अब मकान हाथ से निकलने का डर सता रहा है। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर दिन गुरुवार को उनके घर में बहन की शादी है, जिसके लिए छह बीघा जमीन पर कर्ज लेकर विवाह की व्यवस्था करनी पड़ रही है। जिस व्यक्ति ने सरकारी योजना का काम पूरा कराने के लिए अपनी पूंजी और घर तक दांव पर लगा दिया, आज वही अपने परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के लिए कर्जदार बना बैठा है।
इसके अलावा ठेकेदार अमृतपाल ने भी अपनी व्यथा रखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि वे जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जनप्रतिनिधियों और लखनऊ में जनसुनवाई तक अपनी शिकायत पहुंचा चुके हैं। कई बार शांतिपूर्ण धरना भी दिया, लेकिन हर बार आश्वासन मिला, भुगतान नहीं। ढाई साल से सरकारी दफ्तरों की पहरेदारी के बावजूद भी इंसाफ की उम्मीद की किरण नहीं जगती दिखाई दे रही हैं।ठेकेदारों ने चेतावनी दी कि अब उनके सब्र का बांध टूट चुका है। जल्द भुगतान और समाधान नहीं हुआ तो जिला कलेक्ट्रेट पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। इसके बाद भूख हड़ताल और इच्छा मृत्यु की मांग को लेकर शासन तक अपनी आवाज पहुंचाई जाएगी। उन्होंने आत्मदाह की धमकी भी दी और इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन पर डालने की बात कही। ठेकेदार अमृतपाल ने कहा कि सरकारी योजना के तहत काम पूरा कराने वाले लोगों को अपनी मेहनत की कमाई के लिए आखिर कब तक दर-दर भटकना पड़ेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कंपनी की जवाबदेही तय करने और कथित चार करोड़ रुपये का बकाया भुगतान तत्काल दिलाने की मांग की है। प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से अमृतपाल, नितिन गौतम, साबिर, शोएब, आजाद, जुबैर, मतलूब, रवि कुमार, यूनुस राणा, अरशद सहित अन्य ठेकेदार मौजूद रहे।
14 फर्मों की मेहनत की कमाई फंसी, चार करोड़ के भुगतान का इंतजार
ढाई साल से बकाये के बोझ तले दबे ठेकेदारों की एक ही पुकार कि हमारा पैसा दिलाओ सरकार
मुजफ्फरनगर। जल जीवन मिशन के कार्यों को पूरा कराने में अपनी पूंजी, संसाधन और दिन-रात की मेहनत लगाने वाली 14 फर्मों के सामने आज आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ठेकेदारों का आरोप है कि एनकेजी प्राइमर्स जेवी कंपनी के अधीन कराए गए कार्यों का करीब चार करोड़ रुपये भुगतान अब तक नहीं किया गया। इन फर्मों का कहना है कि उन्होंने पाइपलाइन बिछाने, सड़क निर्माण और अन्य निर्माण कार्य समय से पूरे कराए, मजदूरों की मजदूरी चुकाई और निर्माण सामग्री के भुगतान की जिम्मेदारी भी निभाई, लेकिन जब अपनी मेहनत की कमाई लेने की बारी आई तो उन्हें केवल आश्वासन ही मिले। इस दौरान एपी एंटरप्राइजेज, जीएस कॉन्ट्रैक्टर, आइशा ठेकेदार, आजाद ठेकेदार, नेशनल ठेकेदार, एमए कॉन्ट्रैक्टर, ब्रदर्स ग्रुप, राना बिल्डर्स, श्री लड्डू गोपाल जी, आजाद कंस्ट्रक्शन, जेड एम बिल्डर्स, एआर ट्रेडर्स, रियाउद्दीन कॉन्ट्रैक्टर और एआर कंसल्टेंट
इन फर्मों से जुड़े ठेकेदारों का दर्द है कि उनके परिवारों की जमा-पूंजी कर्ज चुकाने में खत्म हो रही है। किसी के सामने बैंक की किश्तों का संकट है तो किसी को मजदूरों और व्यापारियों का बकाया चुकाने की चिंता सता रही है। जिन हाथों ने गांवों में विकास कार्यों को धरातल पर उतारा, आज वही हाथ अपने हक के भुगतान के लिए अधिकारियों और कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। इन 14 फर्मों की सरकार से एक ही गुहार है कि हमने काम किया है, कोई खैरात नहीं मांगी। हमारी मेहनत का पैसा दिलाया जाए। उन्होंने प्रदेश मुखिया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच कराएं जाने की माग की। उन्होंने मांग की है कि करीब चार करोड़ रुपये के कथित बकाये का भुगतान सुनिश्चित कराएं ताकि उजड़ते परिवारों को फिर से संभलने का अवसर मिल सके
