दो दिन बूथों पर बैठेंगे बीएलओ, एडीएम प्रशासन ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को दिए सख्त निर्देश, छूटे हुए मतदाताओं के नाम जोड़ने पर रहेगा विशेष जोर।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण अवसर मिलने जा रहा है। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आगामी 28 और 29 नवंबर को जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन दोनों दिनों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर आम नागरिकों से मतदाता सूची में नाम शामिल कराने सहित अन्य आवश्यक आवेदन प्राप्त करेंगे। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील कुमार के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह की अध्यक्षता में सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए 28 और 29 नवंबर को निर्धारित विशेष अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से नहीं छूटना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन नागरिकों का नाम अभी तक निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं हो पाया है अथवा किसी कारणवश मतदाता सूची से विलोपित हो गया है, उन्हें अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करने का अवसर दिया जाए। उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि वे विशेष अभियान की दोनों तिथियों पर अपने-अपने क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का लगातार भ्रमण करें। बूथों पर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ यह भी देखें कि आमजन से आवेदन प्राप्त करने का कार्य व्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है या नहीं। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा उदासीनता सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। एडीएम प्रशासन ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने क्षेत्र की भ्रमण रिपोर्ट संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि अभियान की प्रगति पर लगातार निगरानी रखी जा सके।प्रशासन का उद्देश्य है कि विशेष अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ा जाए और कोई भी योग्य मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रहे। बैठक में उप जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट सहित सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।
