saif-ali-khans-instagram-debut

मुंबई, 12 अक्टूबर । बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान ने आखिरकार सोशल मीडिया की दुनिया में कदम रख दिया है। सालों तक सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखने वाले अभिनेता ने 11 अक्टूबर को इंस्टाग्राम पर अपना आधिकारिक अकाउंट शुरू किया और पहली पोस्ट भी साझा की।

सैफ की इस शुरुआत से उनके प्रशंसक काफी उत्साहित हैं। अभिनेता ने अपनी पहली पोस्ट में पटौदी पैलेस की भव्य लाइब्रेरी में खिंचवाई गई तस्वीरें साझा कीं। इसके साथ उन्होंने लिखा, ‘पटौदी लाइब्रेरी, किताबों को उनके कवर से जज करते हुए।’ उनकी इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा।

सैफ ने इंस्टाग्राम पर अली खान पटौदी नाम से अपना अकाउंट बनाया है। शुरुआती समय में ही उनके फॉलोअर्स की संख्या तेजी से बढ़ने लगी। खास बात यह है कि अभिनेता ने अपने अकाउंट से केवल अपनी पत्नी करीना कपूर खान को फॉलो किया है। उनकी पहली पोस्ट में शाही अंदाज और किताबों से सजी लाइब्रेरी की झलक देखने को मिली। लंबे समय से सोशल मीडिया पर उनकी मौजूदगी का इंतजार कर रहे प्रशंसकों के लिए यह किसी खास तोहफे से कम नहीं है।

सैफ पहले भी सोशल मीडिया को लेकर अपनी राय जाहिर कर चुके हैं। वर्ष 2024 में एक साक्षात्कार के दौरान उन्होंने बताया था कि उनके पास इंस्टाग्राम का एक निजी अकाउंट है, जिसके जरिए वह कभी-कभी सामग्री देखते थे। हालांकि, उन्हें सोशल मीडिया पर ज्यादा समय बिताना पसंद नहीं था। अभिनेता ने यह भी कहा था कि वह सोशल मीडिया से दूर रहकर सुकून महसूस करते हैं। उनके मुताबिक, वह ऐसी स्थिति से बचना चाहते थे, जहां उनसे दूसरों की चीजों का प्रचार करने की अपेक्षा की जाए। अब आधिकारिक अकाउंट शुरू करने के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि सैफ आगे अपने प्रशंसकों के साथ किस तरह जुड़ते हैं।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights