मुंबई, 9 अक्टूबर । आमिर खान प्रोडक्शंस ने आम लोगों की कहानियों और नए कलाकारों को पहचान दिलाने के लिए एक नई पहल ‘वंस अपॉन अ माइक’ शुरू की है। इस मंच के जरिए देशभर के प्रतिभाशाली लोगों को अपनी कला और अनुभव शेयर करने का अवसर मिलेगा। ‘आमिर खान टॉकीज’ के तहत ‘कोम्यून’ के सहयोग से शुरू किए गए इस ओपन माइक मंच पर कविता, रैप, स्पोकन वर्ड, कहानी कहने और रचनात्मक अभिव्यक्ति के विभिन्न रूपों को जगह दी जाएगी। अब तक फिल्मों के जरिए कहानियां पेश करने वाला यह प्रोडक्शन हाउस आम लोगों की आवाज को भी बड़े मंच तक पहुंचाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।
आमिर खान ने सोशल मीडिया पर इस पहल की घोषणा करते हुए कहा कि यह ऐसा मंच है, जहां आम लोग अपनी कहानियां सुनाएंगे और अपनी कला के जरिए पहचान बना सकेंगे। उन्होंने बताया कि ‘वंस अपॉन अ माइक’ का उद्देश्य उन आवाजों को सामने लाना है, जिन्हें अक्सर अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर नहीं मिलता। इस मंच की पहली प्रस्तुति मुंबई की रैपर सानिया एमक्यू देंगी। अपनी ऊर्जा, निजी अनुभवों और बेबाक अंदाज के जरिए वह अपनी कहानी दर्शकों तक पहुंचाएंगी। उनकी प्रस्तुति इस पहल की शुरुआत करेगी, जिसका केंद्र वास्तविक अनुभव और कलाकार की अपनी पहचान है।
