railways-rail-jan-samvad

नई दिल्ली, 12 अक्टूबर । भारतीय रेलवे के सभी स्टेशनों पर 22 अक्टूबर को ‘रेल जन संवाद’ आयोजित किया जाएगा। रेलवे ने विशेष अभियान 6 के तहत इस महीने के अंत तक एक लाख स्थानों की सफाई, सात लाख वर्ग फुट जगह खाली कराने और कबाड़ के निपटान से 600 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा है।

रेलवे बोर्ड के सचिव ने आठ अक्टूबर को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में विशेष अभियान के तहत लंबित मामलों के निपटान और विभिन्न रेलवे इकाइयों में चल रही गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक में क्षेत्रीय रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों, मंडल रेल प्रबंधकों, उत्पादन इकाइयों और रेलवे की सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के प्रतिनिधियों सहित संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।

रेल मंत्रालय के अनुसार, अभियान में मापने योग्य परिणाम हासिल करने और लंबित मामलों का समयबद्ध निपटान करने पर जोर दिया जा रहा है। इसके तहत सफाई अभियान चलाने, अनुपयोगी सामग्री हटाकर जगह खाली कराने और कबाड़ के निपटान के जरिये राजस्व जुटाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इस वर्ष अभियान में ई-कचरे के प्रभावी संग्रह, पृथक्करण और निपटान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए ई-कचरा (प्रबंधन) नियम, 2022 के प्रावधानों का पालन करने और सामान्य वित्तीय नियमों के तहत कबाड़ के निपटान पर जोर दिया गया है। साथ ही, कचरे से उपयोगी या आकर्षक वस्तुएं बनाने जैसी ‘वेस्ट टू वंडर’ पहल को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

अभियान के नागरिक-केंद्रित हिस्से के तहत ‘रेल जन संवाद’ आयोजित किया जाएगा। युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ‘रेल जन युवा संवाद’ का भी प्रावधान किया गया है। रेलवे का विशेष अभियान दो अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चल रहा है।

अभियान के तहत दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर सफाई अभियान, सरहिंद जंक्शन पर ठोस कचरे को चार श्रेणियों में अलग करने की पहल और नागपुर में रेलवे कर्मियों एवं प्रतिभागियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया है। इसके अलावा विभिन्न रेलवे जोनों में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां चलाई जा रही हैं।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights