यातायात माह के तहत जनता इंटर कॉलेज पचेन्डा-मुस्तफाबाद में चला जागरूकता अभियान, पुलिसकर्मियों ने हेलमेट से लेकर सीट बेल्ट तक के महत्व को समझाया
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। सड़क पर बरती गई जरा सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां उजाड़ सकती है। तेज रफ्तार, बिना हेलमेट वाहन चलाना और यातायात नियमों की अनदेखी आए दिन जानलेवा हादसों का कारण बन रही है। ऐसे में नई पीढ़ी को सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने स्कूलों में जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में शनिवार को यातायात माह नवंबर-2026 के अंतर्गत जनता इंटर कॉलेज, पचेन्डा-मुस्तफाबाद में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में यातायात पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देते हुए समझाया कि यातायात नियम केवल चालान और जुर्माने से बचने के लिए नहीं, बल्कि अनमोल जीवन की रक्षा के लिए बनाए गए हैं। कार्यक्रम में उपनिरीक्षक यातायात पुष्पेन्द्र कुमार, मुख्य आरक्षी जावेद अली और मुख्य आरक्षी 672 मंटी कुमार ने छात्राओं तथा विद्यालय परिवार को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों को बताया कि सड़क पर वाहन चलाते समय छोटी-सी गलती भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। दोपहिया वाहन पर हेलमेट नहीं पहनना, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल न करना, निर्धारित गति से अधिक रफ्तार में वाहन दौड़ाना और नशे की हालत में ड्राइविंग करना जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नाबालिगों को वाहन चलाने से बचना चाहिए और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के किसी को भी वाहन नहीं चलाना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यातायात संकेतों, सड़क पार करने के सुरक्षित तरीकों और दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरणादायक वीडियो भी प्रदर्शित किए गए, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों को लापरवाही के गंभीर परिणामों से अवगत कराया गया।
पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने माता-पिता, परिजनों तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। इस दौरान सभी को सुरक्षित यातायात की शपथ दिलाई गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य देवेश त्यागी सहित शिक्षकों ने कार्यक्रम में सहयोग किया। यातायात पुलिस की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से घर-घर तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाना और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए समाज में जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
