मुजफ्फरनगर के हर थाने की एंटी रोमियो टीम मैदान में उतरी, स्कूल-कॉलेज से बाजारों तक पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को बताए सुरक्षा के अधिकार; 1090, 112 और 181 समेत हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा केवल कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं, बल्कि एक सुरक्षित और सभ्य समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। छेड़छाड़, उत्पीड़न और असुरक्षा के डर से किसी बेटी के कदम न रुकें और कोई महिला अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने से पीछे न हटे, इसी सोच के साथ मुजफ्फरनगर पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत जागरूकता की मुहिम तेज कर दी है। एसएसपी सूरज कुमार राय के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमें सड़कों, बाजारों, स्कूल-कॉलेजों और गांवों तक पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के उपायों से रूबरू करा रही हैं। इस अभियान का मकसद सिर्फ हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देना नहीं, बल्कि महिलाओं और बेटियों के भीतर यह विश्वास पैदा करना है कि मुसीबत के समय वे अकेली नहीं हैं। पुलिस उनकी सुरक्षा और सम्मान के लिए उनके साथ खड़ी है। अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उन्हें बिना किसी डर और संकोच के अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया।
मुसीबत में एक फोन बनेगा सुरक्षा का सहारा
अभियान के तहत एंटी रोमियो टीमों ने पंपलेट वितरित कर महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इनमें महिला पावर लाइन 1090, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा 102 और एंबुलेंस सेवा 108 प्रमुख हैं। इसके साथ ही जनसुनवाई पोर्टल, स्थानीय थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र और वन स्टॉप सेंटर की सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया। पुलिस टीमों ने समझाया कि किसी भी तरह की छेड़छाड़, पीछा करने, अभद्र व्यवहार या उत्पीड़न की स्थिति में चुप रहना जरूरी नहीं है। महिलाएं तत्काल संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना देकर सहायता प्राप्त कर सकती हैं। बालिकाओं को भी किसी अनजान व्यक्ति की अनुचित हरकत या दबाव की जानकारी परिजनों और पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।
सरकारी योजनाओं से आत्मनिर्भरता का रास्ता
सुरक्षा के साथ महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया। पुलिसकर्मियों ने निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान योजना और महिला शक्ति केंद्र योजना की जानकारी देते हुए इनके लाभों के बारे में बताया। स्कूल-कॉलेजों, गांवों, कस्बों, बाजारों और धार्मिक स्थलों पर चल रही इस मुहिम के जरिए महिलाओं को सम्मान, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया जा रहा है। पुलिस का यह प्रयास है कि हर महिला अपने अधिकारों को पहचाने, हर बेटी निर्भीक होकर आगे बढ़े और समाज में ऐसा वातावरण बने, जहां किसी की सुरक्षा और सम्मान से समझौता न हो। मिशन शक्ति का संदेश साफ है—महिलाओं की सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
