निर्माणाधीन मकान से बिजली के तार चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का भंडाफोड़, एक बदमाश को लगी गोली, दूसरा साथी भी दबोचा गया, चोरी के तार, तमंचा और कारतूस बरामद
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। निर्माणाधीन मकानों को निशाना बनाकर बिजली फिटिंग के तार चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह की तलाश में जुटी नई मंडी पुलिस का आधी रात को बदमाशों से आमना-सामना हो गया। रॉयल फार्म हाउस के सामने पुलिस की घेराबंदी होते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से 21 मुकदमों में वांछित शातिर अपराधी गुलाब उर्फ रिजवान घायल हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। अचानक हुई फायरिंग से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से चोरी किए गए बिजली फिटिंग के पांच किलोग्राम तार, तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। नई मंडी पुलिस की इस कार्रवाई ने न केवल चोरी की एक वारदात का खुलासा किया, बल्कि जिले और आसपास के जनपदों में सक्रिय अपराधी के नेटवर्क तक पहुंचने का रास्ता भी खोल दिया है। घायल बदमाश का आपराधिक इतिहास सामने आने के बाद पुलिस भी उसके पुराने कारनामों की पड़ताल में जुट गई है। दरअसल, 20 अक्टूबर को योगेंद्रपुरी कॉलोनी निवासी ऋषिपाल सिंह के वसुंधरा कॉलोनी स्थित निर्माणाधीन मकान को चोरों ने निशाना बनाया था। मकान में बिजली फिटिंग के लिए रखे गए तार चोरी कर लिए गए थे। पीड़ित की तहरीर पर थाना नई मंडी में मुकदमा संख्या 518/2026 धारा 305 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद से ही पुलिस घटना के खुलासे के लिए सुराग तलाश रही थी।
खाली प्लॉट से ईख के खेत तक पहुंची पुलिस
13 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि रॉयल फार्म हाउस के सामने खाली प्लॉट में दो संदिग्ध व्यक्ति मौजूद हैं। प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को सामने देखकर दोनों संदिग्ध ईख के खेत में घुस गए और पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने की नीयत से गोलियां चला दीं। पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन फायरिंग जारी रहने पर आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी की। इसमें गुलाब उर्फ रिजवान पुत्र इलियास उर्फ खलील निवासी अफसराबाद, थाना रमाला, बागपत गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने कांबिंग कर उसके साथी शिवा पुत्र कुलदीप निवासी तखावली, थाना बहसूमा, मेरठ, हाल निवासी करमूला पट्टी, थाना जानसठ को भी गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
मुजफ्फरनगर से बागपत तक फैला अपराध का इतिहास
पुलिस के अनुसार गुलाब उर्फ रिजवान कोई सामान्य चोर नहीं, बल्कि अंतरजनपदीय स्तर पर सक्रिय अपराधी है। उसके खिलाफ मुजफ्फरनगर, शामली और बागपत सहित विभिन्न थानों में लूट, चोरी, जानलेवा हमला, अवैध हथियार, आबकारी और एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 21 मुकदमे दर्ज हैं। उसके साथी शिवा का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
