मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। जनपद में अपराधियों और गोतस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में छपार थाना क्षेत्र में आधी रात को पुलिस और एक शातिर गौकश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की घेराबंदी में फंसे बदमाश ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर गोलियां बरसा दीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से हिस्ट्रीशीटर वाजिद घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे दबोचकर अस्पताल पहुंचाया। मौके से एक जिंदा गोवंश, गोकशी के उपकरण और 315 बोर का अवैध तमंचा बरामद हुआ है। पकड़ा गया आरोपी छपार थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ गोवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट तथा आर्म्स एक्ट सहित नौ मुकदमे दर्ज हैं। जानकारी के मुताबिक 13 नवंबर की रात छपार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुतुबपुर-खोजानंगला रजवाहे के पास एक व्यक्ति गोवंश को गोकशी के इरादे से लेकर जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष मोहित कुमार ने पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस को सामने देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन खुद को चारों तरफ से घिरा देख उसने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने आरोपी को फायरिंग बंद कर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने गोलियां चलाना जारी रखा। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल होते ही उसकी भागने की कोशिश नाकाम हो गई और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
नौ मुकदमों में दर्ज है हिस्ट्रीशीटर का नाम
पकड़े गए आरोपी की पहचान वाजिद पुत्र नूरहसन निवासी ग्राम खुड्डा, थाना छपार के रूप में हुई है। करीब 44 वर्षीय वाजिद का आपराधिक रिकॉर्ड पुलिस के लिए पहले से ही चिंता का विषय रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2016 से 2026 तक गोवध अधिनियम, अवैध हथियार रखने और गैंगस्टर एक्ट सहित नौ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में उसे छपार थाने का हिस्ट्रीशीटर और शातिर अपराधी बताया गया है।
गोवंश को कराया मुक्त, हथियार और उपकरण जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक जिंदा गोवंश, गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस 315 बोर बरामद किया है। घायल वाजिद को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके खिलाफ गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
