मनीष अग्रवाल
सहारनपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को सहारनपुर में यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन के निर्देशन में पुलिस लाइन सहारनपुर से पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मयंक पाठक ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया।
रैली में यातायात पुलिस की क्रेन, इंटरसेप्टर, दोपहिया मोबाइल, यूपी-112 के दोपहिया व चारपहिया वाहन तथा यातायात पुलिसकर्मी शामिल रहे। इस दौरान एसपी यातायात शैलेन्द्र श्रीवास्तव, संभागीय परिवहन अधिकारी शंकर जी सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एमपी सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक सारिका चौधरी, क्षेत्राधिकारी अपराध प्रिया यादव, यातायात प्रभारी निरीक्षक अमित तोमर और चीफ ट्रैफिक वार्डन योगेंद्र दुधेरा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
यातायात माह के दौरान पुलिस द्वारा पंपलेट वितरित कर वाहन चालकों को जागरूक किया जाएगा। एनसीसी कैडेट्स के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने के साथ स्कूल-कॉलेजों में गोष्ठियों और संवाद कार्यक्रमों का आयोजन होगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की।
