दिल्ली में बारिश ने दी गर्मी से थोड़ी राहत, अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार

नई दिल्ली, 13 मई (हि.स.)। दिल्ली में चिलचिलाती गर्मी के बीच मंगलवार को झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मंगलवार की शाम एनसीआर के कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश की फुहारों से मौसम खुशनुमा बन गया। राजधानी में आज न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 40.2 दर्ज किया गया था। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, अगले 24 घंटे दिल्ली में रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। बुधवार को दिन में तेज हवा चलने का पूर्वानुमान जताया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। लगातार सतही हवा 15 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। कभी-कभी 35 किमी प्रति घंटे तक की गति से चल सकती है। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 40 से 42 डिग्री सेल्सियस और 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 02-04 डिग्री सेल्सियस तक सामान्य से अधिक रहेगा और अधिकतम तापमान 01-03 डिग्री सेल्सियस तक सामान्य से अधिक रहेगा। इसी तरह गुरुवार को भी कमोवेश बुधवार जैसा ही मौसम बना रहेगा। आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। लगातार सतही हवा 15-25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। कभी-कभी 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक बढ़ सकती है। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 40 से 42 डिग्री सेल्सियस और 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 02-04 डिग्री सेल्सियस तक सामान्य से अधिक रहेगा और अधिकतम तापमान 01 – 03 डिग्री सेल्सियस तक सामान्य से अधिक रहेगा। वहीं, शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। बहुत हल्की बारिश, तूफ़ान, बिजली चमकने और तेज़ हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटे की गति) की संभावना है, जो गरज के साथ बारिश के दौरान अस्थायी रूप से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 40 से 42 डिग्री सेल्सियस और 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

मानसून की स्थिति के बारे में मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून आज बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी भाग, अंडमान सागर के दक्षिणी भाग, निकोबार द्वीप समूह और उत्तरी अंडमान सागर के कुछ भागों में आगे बढ़ गया है। अगले 5 दिनों के दौरान दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत और उससे सटे मध्य भारत में गरज और बिजली के साथ बारिश जारी रहने की संभावना है, जबकि अगले 3 दिनों के दौरान आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 5 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में गरज और बिजली के साथ भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। 14-19 मई के दौरान उत्तर प्रदेश में, 15-17 मई के दौरान पश्चिमी राजस्थान में और 14-15 मई 2025 के दौरान पश्चिम बंगाल और झारखंड में गंगा के मैदानी इलाकों में लू चलने की संभावना है।

—————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights