नीरज प्रजापति

सठेड़ी गांव में वारदात से मचा कोहराम, घंटों की तलाश के बाद पुलिस ने गन्ने के खेत से बरामद किया बच्चे का शव, हत्या के आरोप में नाबालिग हिरासत में, मामूली विवाद की खुन्नस में खूनी खेल खेलने का आरोप।

मुजफ्फरनगर। मामूली विवाद की खुन्नस किस हद तक इंसानियत को शर्मसार कर सकती है, इसकी खौफनाक तस्वीर रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव सठेड़ी में सामने आई है। यहां चाचा से हुए पुराने विवाद की रंजिश में नौ साल के मासूम बच्चे को कथित तौर पर निशाना बनाकर उसकी हत्या कर दी गई। बच्चे का शव गांव के पास गन्ने के खेत में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग को हिरासत में लिया है, जिस पर हत्या करने का आरोप है। जानकारी के अनुसार, सठेड़ी गांव निवासी नौ वर्षीय बच्चा बीती रात से लापता था। परिजन उसकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बच्चे के अचानक गायब होने से परिवार में बेचैनी बढ़ती चली गई। सूचना मिलने पर रतनपुरी पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी महावीर सिंह चौहान ने पुलिस टीम के साथ तलाश अभियान तेज किया। पुलिस ने गांव और आसपास के संभावित स्थानों पर छानबीन की तथा संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई। कई घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने एक नाबालिग को चिन्हित कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर उसकी निशानदेही पर गन्ने के खेत से बच्चे का शव बरामद किया गया। बताया गया कि कुछ दिन पहले मृतक बच्चे के चाचा और आरोपी बताए जा रहे नाबालिग के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद की खुन्नस में बच्चे को निशाना बनाया गया और उसकी हत्या कर दी गई। एक पुराने झगड़े का बदला मासूम की जान लेकर चुकाने की खबर ने गांव में लोगों को झकझोर दिया है। पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे की पूरी वजह और वारदात का घटनाक्रम एवं अन्य संभावित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है। गांव में भी घटना को लेकर गहरा आक्रोश और शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights