मनीष अग्रवाल
सहारनपुर। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत थाना तीतरो पुलिस द्वारा कस्बे में महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। थाना प्रभारी सचिन पूनिया के कुशल नेतृत्व में मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम प्रभारी कुमुद रानी ने महिला कांस्टेबल अफशा और तनु के साथ जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर सुरक्षा, डिजिटल अरेस्टिंग और साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए गए। पुलिस टीम ने झूठी अफवाहों से दूर रहने तथा किसी भी सूचना को बिना सत्यापन सोशल मीडिया पर साझा न करने की अपील की। इसके साथ ही महिला अधिकारों, सुरक्षा, संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। बच्चों के हित में संचालित योजनाओं एवं नए आपराधिक कानूनों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। पुलिस टीम ने 1090 महिला हेल्पलाइन, 1930 साइबर क्राइम, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 108 एंबुलेंस और 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन की जानकारी दी। टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं की समस्याएं सुनते हुए हरसंभव सहायता और सहयोग का भरोसा दिलाया।
