नीरज प्रजापति

1 नवंबर को प्रस्तावित शुभ मुहूर्त पर भी मौसम का साया, मिल प्रबंधन समिति ने अगली सूचना तक गन्ने की छिलाई रोकने की जारी की अपील; जारी पर्चियों की तारीख बढ़ाई जाएगी, किसानों को घबराने की जरूरत नहीं।

ननौता/सहारनपुर। बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ाने के साथ ही गन्ना किसानों की तैयारियों पर भी ब्रेक लगा दिया है। किसान सहकारी चीनी मिल, ननौता के प्रस्तावित शुभ मुहूर्त से ठीक पहले मिल प्रबंधन समिति ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। समिति ने बारिश के मद्देनजर सभी किसानों से अगली सूचना तक गन्ने की छिलाई नहीं करने की अपील की है। इस फैसले से उन किसानों को भी राहत दी गई है, जिनकी गन्ना आपूर्ति की पर्चियां पहले ही जारी हो चुकी हैं। मिल प्रबंधन समिति की ओर से जारी सूचना के अनुसार किसान सहकारी चीनी मिल, ननौता का शुभ मुहूर्त 1 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है। हालांकि, हाल ही में हुई बारिश के कारण गन्ने की छिलाई और आपूर्ति को लेकर फिलहाल सावधानी बरतने का निर्णय लिया गया है। समिति ने साफ किया है कि अगली सूचना जारी होने तक किसान अपने खेतों में गन्ने की छिलाई न करें। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जिन किसानों के पास गन्ना आपूर्ति की पर्चियां जारी हो चुकी हैं, उन्हें परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। मिल प्रबंधन समिति ने स्पष्ट किया है कि बारिश के कारण छिलाई रोकने से प्रभावित किसानों की पर्चियों की तारीख आगे बढ़ाई जाएगी। इससे किसानों को निर्धारित समय निकल जाने के कारण नुकसान उठाने की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। मिल प्रबंधन की इस सूचना के बाद क्षेत्र के गन्ना किसानों को अब अगली घोषणा का इंतजार है। किसानों से अपील की गई है कि वे बिना नई सूचना के गन्ने की छिलाई शुरू न करें और मिल समिति की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights