पुलिस ने चोरी की स्कूटी, मोबाइल और अवैध तमंचों का जखीरा किया बरामद
पुलिस की घेराबंदी देख भागे बदमाश, जवाबी –कार्रवाई में दोनों के पैरों में लगी गोली; अपराध जगत में आनंद देव मिश्रा का मचा भौकाल
मुजफ्फरनगर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नई मंडी पुलिस ने देर रात ऐसी कार्रवाई को अंजाम दिया, जिसने बदमाशों के बीच खौफ का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर अपराधी घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिए गए। दोनों के कब्जे से चोरी की स्कूटी, चोरी के मोबाइल फोन, दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं।
आज (मंगलवार)को रिजर्व पुलिस लाइन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने नई मंडी थाना पुलिस द्वारा की गई मुठभेड़ का खुलासा करते हुए बताया कि थाना नई मंडी क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध स्कूटी सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों ने भागने की कोशिश की और खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और दोनों बदमाशों को घायल कर दबोच लिया।
स्कूटी चोरी से खुला बड़े अपराधों का राज, पुलिस ने पीछा कर दबोचा
उन्होंने बताया कि गत 6 जून 2026 को थाना नई मंडी क्षेत्र से एक स्कूटी चोरी की घटना सामने आई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध युवक किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू किया। कुछ समय बाद संदिग्ध स्कूटी आती दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो दोनों बदमाश स्कूटी दौड़ाते हुए फरार होने लगे। पीछा करने पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने संयम और साहस का परिचय देते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए और मौके पर ही दबोच लिए गए।
दोनों घायल बदमाशों की पहचान, कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान वकील पुत्र असलम निवासी अजरोड़ा थाना मुंडाली जनपद मेरठ तथा परवेज पुत्र फकरोदीन निवासी हाली थाना भोजपुर जनपद गाजियाबाद के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय थे। इनमें से एक आरोपी के खिलाफ मेरठ, गाजियाबाद और हापुड़ समेत विभिन्न जनपदों में कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। चोरी, लूट और अन्य संगीन वारदातों में भी इनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:
02 अवैध तमंचे .315 बोर, 02 जिंदा कारतूस .315 बोर, 02 खोखा कारतूस, चोरी के 03 मोबाइल फोन, चोरी की 01 स्कूटी बरामद की है।
बरामद स्कूटी थाना नई मंडी क्षेत्र में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित बताई गई है। वहीं बरामद मोबाइल फोन किन-किन घटनाओं से जुड़े हैं थाना नई मंडी पुलिस इसकी भी जांच गहनता से कर रही है।
मुजफ्फरनगर में अपराधियों की उलटी गिनती शुरू: आनंद देव मिश्रा
लगातार हो रही धरपकड़, मुठभेड़ और गैंगों पर शिकंजा कसने की कार्रवाई से यह साफ हो गया है कि पुलिस अब अपराधियों को किसी भी कीमत पर खुला मैदान देने के मूड में नहीं है। नई मंडी पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जनपद में अपराधियों की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। चोरी, लूट और अवैध हथियारों के कारोबार में लिप्त तत्वों के लिए यह मुठभेड़ किसी चेतावनी से कम नहीं मानी जा रही।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights