कुकड़ा चौराहे पर शादी समारोह के दौरान आतिशबाजी से आग लगने की आशंका, लाखों का सामान जलकर राख, दमकल कर्मियों ने संभाला मोर्चा।

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। शादी समारोह में खुशियों के बीच हुई आतिशबाजी उस समय मुसीबत बन गई, जब एक चिंगारी ने प्लास्टिक के गोदाम को आग के हवाले कर दिया। नई मंडी थाना क्षेत्र के कुकड़ा चौराहे पर देवलोक बैंकट हॉल के बराबर स्थित गोदाम में अलसुबह भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की विकराल लपटें उठती देख आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोदाम के पास स्थित बैंकट हॉल में रातभर शादी समारोह चल रहा था। समारोह के दौरान जमकर आतिशबाजी की गई। इसी दौरान एक आतिशबाजी गोदाम की ओर जा गिरी, जिसके बाद प्लास्टिक के सामान में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। प्लास्टिक के सामान ने आग को तेजी से पकड़ लिया और देखते ही देखते गोदाम धुएं तथा आग की लपटों से घिर गया। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में रखा सामान जलने लगा। काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की भयावहता के चलते सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और अग्निशमन कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया। आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गोदाम में रखे प्लास्टिक के सामान के जलने से भारी नुकसान होने की आशंका है, शुरुआती तौर पर लाखों रुपये का सामान आग की भेंट चढ़ने की बात सामने आई है। घटना ने शादी समारोहों में की जाने वाली आतिशबाजी और आसपास मौजूद ज्वलनशील सामग्री की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि आग समय रहते नियंत्रित नहीं होती तो आसपास के भवनों और प्रतिष्ठानों तक भी इसकी लपटें पहुंच सकती थीं। फिलहाल अग्निशमन विभाग ने आग पर बमुश्किल काबू पाने में कामयाब रहा। वहीं नुकसान का वास्तविक आकलन आग पूरी तरह शांत होने के बाद ही हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights