उरई, 21 जुलाई । उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक होटल के पास यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस गोरखपुर से ग्वालियर जा रही थी।
उरई कोतवाल आनंद सिंह ने बताया कि जी के ट्रेवल्स बस में करीब 30 यात्री सवार थे। दुर्घटना में दो यात्री घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं अन्य यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
उन्होंने बताया कि बस नंबर (एमपी 44 जेई 4999) के बस चालक योगेश ने अचानक ब्रेक लगाए, लेकिन ब्रेक जाम हो जाने से बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और राहगीरों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य चलाकर यात्रियों को बस से बाहर निकाला। बाद में क्रेन की मदद से बस को हटवाकर हाईवे पर यातायात सामान्य कराया गया।
उरई कोतवाल आनंद सिंह ने बताया कि दुर्घटना में घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा है।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह बस का ब्रेक जाम होना बताया जा रहा है।
———
