छपार-रोहाना-चरथावल मार्ग अब 10 मीटर चौड़ा बनेगा, कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने बिटुमिनस कार्य का किया शुभारंभ, किसानों, गन्ना ढुलाई और हजारों राहगीरों को मिलेगी बड़ी राहत, क्षेत्र के कई अन्य मार्गों के लिए भी करोड़ों की मंजूरी।

मुजफ्फरनगर। ग्रामीण अंचल की बदहाल सड़कों से जूझ रहे लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। छपार से रोहाना होते हुए चरथावल तक जाने वाले महत्वपूर्ण मार्ग की तस्वीर अब पूरी तरह बदलने जा रही है। करीब 48 करोड़ रुपये की लागत से इस मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कराया जा रहा है। सड़क की चौड़ाई 7 मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर की जाएगी। शनिवार को प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं पुरकाजी विधायक अनिल कुमार ने फीता काटकर बिटुमिनस कार्य का शुभारंभ किया। इस परियोजना को क्षेत्र के विकास और ग्रामीण यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार, परियोजना पर कुल 48 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने 13 अप्रैल को इस कार्य का शिलान्यास किया था। विभाग ने 27 जून तक निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। मार्ग के चौड़ा होने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि किसानों को अपनी फसल मंडियों और चीनी मिलों तक पहुंचाने में भी सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि छपार-रोहाना-चरथावल मार्ग विधानसभा क्षेत्र का बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है। वर्ष 2007 में जब वह चरथावल से विधायक बने थे, तब यह सड़क महज तीन मीटर चौड़ी थी। उनके प्रयासों से इसे सात मीटर कराया गया और अब इसे 10 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह मार्ग विधानसभा क्षेत्र की मध्य रेखा है, जबकि बरला-बसेड़ा मार्ग इसकी जीवन रेखा है। मंत्री ने बताया कि भूराहेड़ी-फलौदा मार्ग पर पांच करोड़ रुपये की लागत से 10 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। दधेडू शनि धाम से दधेडू तक का मार्ग भी स्वीकृत हो चुका है। छपार-सिमर्थी तथा खाईखेड़ी-तुगलक-कम्हेड़ा मार्ग को चौड़ा करने के लिए 35 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। खाईखेड़ी मिल तक सड़क निर्माण की मांग पर भी कार्य कराया जाएगा। उन्होंने छपार और बहेड़ी बाइपास की स्वीकृति जल्द मिलने की उम्मीद जताई। गांवों के संपर्क मार्गों को सीसी सड़क और नालियों के साथ विकसित करने की योजना भी बताई। अनिल कुमार ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें तीन बार विधायक बनाया है और वह जनता के विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी ईमानदारी से काम कर रहे हैं। कार्यक्रम में अनिल त्यागी, पंकज त्यागी, चेतन सिंह, मनोज प्रधान, सईदुलजमा, गौरव गुप्ता, यतेंद्र, दुष्यंत त्यागी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। संचालन मनोज नूर नगर ने किया तथा अध्यक्षता राकेश त्यागी महरायपुर ने की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights