30 नवंबर तक स्व-गणना का मौका, बुढ़ाना के मैपल्स गर्ल्स कॉलेज में अभियान चलाकर छात्राओं ने जनपदवासियों से की सटीक जानकारी दर्ज कराने की अपील।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। देश की आगामी जनगणना को सफल बनाने के लिए अब प्रशासन के साथ शिक्षण संस्थान भी जागरूकता की मुहिम में जुट गए हैं। जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना अभियान को गति देने के लिए बुढ़ाना स्थित मैपल्स ग्रुप ऑफ हायर एजुकेशन गर्ल्स कॉलेज में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां छात्राओं ने जनपदवासियों से आगे आकर अपनी जिम्मेदारी निभाने और निर्धारित समय के भीतर स्व-गणना प्रक्रिया पूरी करने की अपील की। अभियान का उद्देश्य लोगों को यह समझाना रहा कि जनगणना में सही जानकारी देना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश के विकास और भविष्य की योजनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी एवं उपप्रमुख जिला जनगणना अधिकारी अमित कुमार तथा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह के निर्देशन और मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने किया।कार्यक्रम में छात्राओं ने आकर्षक संदेशों के माध्यम से लोगों को स्व-गणना के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने आह्वान किया कि प्रत्येक परिवार अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे। छात्राओं का संदेश था कि जनगणना में सहभागिता जितनी व्यापक होगी, आंकड़े उतने ही सटीक होंगे और भविष्य की जनकल्याणकारी योजनाओं को बेहतर आधार मिल सकेगा। डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि स्व-गणना से जनगणना की प्रक्रिया अधिक सरल, तेज और सटीक बनेगी। प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए निर्धारित अवधि में यह प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सही आंकड़े ही विकास की योजनाओं को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कॉलेज की डायरेक्टर डॉ. दिव्या जैन ने भी जनपदवासियों से अपील की कि वे स्व-गणना को अभियान के रूप में अपनाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने संदेश दिया कि जनगणना में भागीदारी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। गौरतलब है कि स्व-गणना की निर्धारित अवधि 16 से 30 नवंबर 2026 तक है। ऐसे में अब अंतिम समय में लोगों से जल्द से जल्द अपनी स्व-गणना पूरी करने की अपील की जा रही है।
कार्यक्रम में कॉलेज के असिस्टेंट एवं एसोसिएट प्रोफेसरों सहित शिवराज सिंह का विशेष योगदान रहा।
