nitin-navin-met-japan-ambasdor

नई दिल्ली, 24 अगस्त । भारत में जापान के राजदूत ओनो केइची ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से यहां मुलाकात की। दोनों के बीच भारत-जापान संबंधों को और मजबूत करने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान नवीन ने जापानी राजदूत को भाजपा की संगठनात्मक यात्रा, जमीनी स्तर पर पार्टी की संरचना और कार्यप्रणाली की जानकारी दी।

नितिन नवीन ने भारत-जापान संबंधों की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान के पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत शिंजो आबे के बीच करीबी व्यक्तिगत संबंधों को याद किया। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक गहराई और नई गति देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

भाजपा अध्यक्ष ने मई में ताकायुकी कोबायाशी के नेतृत्व में भारत आए जापान की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई अपनी मुलाकात का भी उल्लेख किया।

नवीन ने भारत के विकास में जापान की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल परियोजना का उल्लेख किया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत में बुनियादी ढांचे, डिजिटल क्षेत्र, विनिर्माण, सामाजिक विकास और आंतरिक सुरक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों की भी जानकारी दी।

जापानी राजदूत ओनो ने विभिन्न क्षेत्रों में भारत-जापान द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए जापान की पहलों के बारे में बताया।

दोनों पक्षों ने 2027 में भारत-जापान राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के महत्व पर भी चर्चा की और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने के अवसरों पर विचार-विमर्श किया।

मुलाकात के दौरान भाजपा के विदेश मामलों के विभाग के प्रभारी डॉ. विजय चौथाईवाले भी मौजूद रहे।

————

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights