nepal-koshi-barrage-gate-open-

काठमांडू 16 जुलाई । नेपाल में भारी बारिश के कारण कोशी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जलप्रवाह 1 लाख 63 हजार क्यूसेक से अधिक पहुंचने के बाद प्रशासन ने आज सुबह कोशी बैराज के 21 फाटक खोल दिए। सुनसरी के पुलिस उपाधीक्षक चन्द्रबहादुर खड़का के अनुसार, गुरुवार सुबह तक कोशी बैराज पर नदी का जलप्रवाह 1 लाख 63 हजार 230 क्यूसेक दर्ज किया गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि पूर्वी नेपाल में लगातार वर्षा जारी रही तो नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है।

बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए कोशी बैराज के कुल 56 फाटकों में से 21 फाटक खोल दिए गए हैं। बैराज में 52 मुख्य फाटक और चार नहर फाटक हैं। कोशी बैराज नियंत्रण कक्ष के अनुसार, जब नदी का जलप्रवाह 1 लाख 50 हजार क्यूसेक से अधिक हो जाता है, तब संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए बैराज पर लाल चेतावनी बत्तियां जला दी जाती हैं और लाल झंडे फहरा दिए जाते हैं।

मानसून के दौरान तमोर, अरुण, सुनकोशी, दूधकोशी, तामाकोशी, भोटेकोशी और इन्द्रावती जैसी प्रमुख सहायक नदियों का पानी मिलने से कोशी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ जाता है। शुष्क मौसम में नदी का प्रवाह अपेक्षाकृत कम रहता है। कोशी नदी का बढ़ता जलस्तर नेपाल और भारत के निचले तटीय क्षेत्रों में बाढ़ और कटाव का खतरा बढ़ा रहा है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights