नीरज प्रजापति
कुट्टू के आटे से लेकर हल्दी, मिर्च और धनिया तक पर छापेमारी की गाज, तीन प्रतिष्ठानों की जांच में 14 नमूने लिए, गुणवत्ता पर संदेह के चलते लाखों का माल बिक्री से रोका
मुजफ्फरनगर। नवरात्र के दौरान व्रत और पूजा-पाठ के लिए इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में सख्त रुख अपना लिया है। छापेमारी अभियान के दौरान कुट्टू के आटे और विभिन्न मसालों समेत तीन प्रतिष्ठानों से बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री सीज की गई। कार्रवाई में 14 नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। गुणवत्ता पर संदेह के आधार पर तीन स्थानों पर हुई इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हलचल मच गई। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य त्योहार के दौरान लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना और संदिग्ध गुणवत्ता वाले उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाना है।
छपार से शहर तक पहुंची जांच की आंच
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय अर्चना धीरान और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान के नेतृत्व में टीम ने छपार स्थित संदीप ट्रेडर्स का निरीक्षण किया। यहां से कुट्टू के आटे, हल्दी पाउडर, किशमिश और सॉस के नमूने लिए गए। गुणवत्ता पर संदेह होने के कारण करीब 20 किलोग्राम कुट्टू का आटा सीज किया गया, जिसकी कीमत लगभग दो हजार रुपये बताई गई। इसके बाद टीम ने शामली रोड स्थित गौशाला मोहल्ले में मसाला निर्माण प्रतिष्ठान पर जांच की। यहां साबुत और पिसी हल्दी, साबुत एवं पिसी लाल मिर्च तथा धनिया के नमूने एकत्र किए गए। इस प्रतिष्ठान से करीब 2,860 किलोग्राम साबुत और पिसे मसाले सीज किए गए, जिनका अनुमानित मूल्य 3,50,400 रुपये बताया गया है।
पचेंडा रोड पर भी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पचेंडा रोड स्थित मनोज प्रोविजन स्टोर का भी निरीक्षण किया। यहां व्रत में इस्तेमाल होने वाले कुट्टू के आटे, कुट्टू की गिरी और साबूदाना के नमूने लिए गए। कार्रवाई के दौरान करीब 210 किलोग्राम कुट्टू का आटा और 3.5 किलोग्राम कुट्टू की गिरी सीज की गई। इनकी कीमत क्रमशः लगभग 25,200 रुपये और 385 रुपये बताई गई है।
रिपोर्ट के बाद तय होगी अगली कार्रवाई
खाद्य पदार्थों के नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। विभागीय कार्रवाई गुणवत्ता पर संदेह के आधार पर की गई है, अभी इन प्रतिष्ठानों की सामग्री में मिलावट की पुष्टि होना बाकी है। प्रयोगशाला रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी रखी जाएगी। इस दौरान जनता जनार्दन से अपील करते हुए कहा है कि खाद्य कारोबारियों के लिए नियमों का पालन करना जरूरी है, जबकि उपभोक्ताओं को भी खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी पैकिंग, निर्माण तिथि और गुणवत्ता संबंधी विवरण जांचने चाहिए।
