अमेठी, 13 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के अमेठी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रामनाथपुर बड़ागांव की रहने वाली महिला निर्मला देवी भाई की मृत्यु की सूचना मिलने पर मायके जा रही थी। तभी मंगलवार की सुबह सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। अमेठी कोतवाली क्षेत्र के गुंगवाछ गांव के पास बाइक के पहिए में साड़ी फंसने से हादसा हुआ । भाई के निधन के बाद बहन की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामनाथपुर बड़ा मजरे महमूदपुर निवासी निर्मला मिश्रा पत्नी शिवसागर मिश्र अपने बेटे के साथ बाइक से मायके पूरे दुरई मजरे टीकरमाफी जा रही थीं। रास्ते में गुंगवाछ गांव के पास अचानक उनकी साड़ी बाइक के पहिए में फंस गई। इससे वह हादसे का शिकार हो गईं और गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस बुलवाकर महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी पहुंचाया।
सीएचसी अमेठी के अधीक्षक डॉ. सौरभ सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना की शिकार महिला निर्मला(40) पत्नी शिवसागर को अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सकीय जांच के दौरान उन्हें मृत अवस्था में पाया गया।
वहीं, अमेठी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि मृतका के परिजनों की ओर से अभी तक थाने में कोई सूचना नहीं दी गई है।
